अमेरिका के दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी में सात घायल, तीन गिरफ्तार

Ads

अमेरिका के दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी में सात घायल, तीन गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 10, 2021 / 08:20 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:42 PM IST

ईस्ट सेंट लुइस (अमेरिका), 10 सितंबर (एपी) अमेरिका के दक्षिणी इलिनॉयस में गोलीबारी की एक घटना में सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार घटना के बाद जिस कार में संदिग्ध भागे थे वह एक यात्री ट्रेन से टकरा गई थी जिसके कुछ घंटे बाद संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

ईस्ट सेंट लुइस में बृहस्पतिवार दोपहर को गोलीबारी हुई थी जिसके मकसद या घायलों की हालत के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। स्टीफेन पियर्स नामक एक व्यक्ति ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बस का इंतजार कर रहा था जब उसने गोली चलने की आवाज सुनी। पियर्स ने कहा कि उसकी पत्नी के हाथ में गोली लगी।

इलिनॉयस राज्य पुलिस ने बताया कि गोलीबारी के बाद संदिग्ध कार में बैठकर भागे लेकिन यह (कार) मेट्रो लिंक ट्रेन से जा टकराई। उन्होंने कहा कि कार में बैठे लोग फरार हो गए थे। ट्रेन के कुछ यात्रियों को भी चोट आई।

पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को दोपहर ढाई बजे ईस्ट सेंट लुइस में एक आधी ढही इमारत के बेसमेंट में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आगे की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।

एपी यश पवनेश

पवनेश