शरीफ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तीन देशों के दौरे पर रवाना होंगे

शरीफ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तीन देशों के दौरे पर रवाना होंगे

शरीफ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तीन देशों के दौरे पर रवाना होंगे
Modified Date: April 15, 2026 / 03:40 pm IST
Published Date: April 15, 2026 3:40 pm IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 15 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ बुधवार को सऊदी अरब, कतर और तुर्किये की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे।

इस यात्रा के दौरान वह द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।

विदेश कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि शरीफ तुर्किये में आयोजित होने वाले पांचवें अंताल्या कूटनीति मंच में भी भाग लेंगे।

शरीफ की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पाकिस्तान ईरान और अमेरिका को बातचीत की मेज पर वापस लाने के लिए उच्च स्तरीय संपर्क स्थापित करने में लगा हुआ है। संभावना है कि अगले सप्ताह तक दोनों पक्ष इस्लामाबाद में वार्ता के दूसरे दौर के लिए फिर से मिलेंगे।

ग्यारह अप्रैल को उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल और ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबफ के नेतृत्व में ईरानी प्रतिनिधिमंडल, 28 फरवरी को शुरू हुए संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान खोजने के लिए इस्लामाबाद में हुई ऐतिहासिक वार्ता के बाद किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके।

विदेश कार्यालय ने बताया कि शरीफ की 15 से 18 अप्रैल तक सऊदी अरब और कतर की यात्रा द्विपक्षीय संदर्भ में होगी, जहां प्रधानमंत्री संबंधित देशों के नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और चल रहे द्विपक्षीय सहयोग के साथ-साथ क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा पर चर्चा करेंगे।

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ आज इस्लामाबाद से जेद्दा के लिए अपने आधिकारिक दौरे पर रवाना होंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि इस यात्रा में उनके साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी जाएगा।

प्रधानमंत्री का यह सऊदी अरब दौरा ऐसे समय हो रहा है जब वाशिंगटन में वित्त मंत्री मुहम्मद औरंगजेब ने घोषणा की कि खाड़ी देश ने पाकिस्तान को अतिरिक्त तीन अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता देने का वादा किया है, जिसकी राशि अगले सप्ताह जारी होने की उम्मीद है। इसके अलावा, सऊदी अरब ने अपने मौजूदा पांच अरब डॉलर के जमा को भी लंबी अवधि के लिए बढ़ाने पर सहमति जताई है। यह कदम विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने और बाहरी खाते को सुदृढ़ करने में मदद करेगा।

प्रधानमंत्री शरीफ तुर्किये की भी यात्रा करेंगे, जहां वह पांचवें अंताल्या डिप्लोमेसी फोरम में भाग लेंगे। इस दौरान शरीफ अन्य वैश्विक नेताओं के साथ ‘लीडर्स पैनल’ में शामिल होकर फोरम में पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे।

फोरम के इतर, प्रधानमंत्री के तुर्किये के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन और अन्य प्रमुख वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की संभावना है।

प्रधानमंत्री के साथ उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार और प्रधानमंत्री के विशेष सहायक सैयद तारिक फातेमी भी मौजूद होंगे।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में