(गुरदीप सिंह)
सिंगापुर, छह जून (भाषा) सिंगापुर सरकार ने शनिवार को तीन सोशल मीडिया मंचों को भारतीय समुदाय को लक्षित करने और देश के ‘बहुसांस्कृतिक मॉडल को कमजोर’ करने वाले 14 पोस्ट को हटाने का आदेश दिया है।
ये पोस्ट संभवत चीन से किये गये हैं।
गृहमंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने ऑनलाइन आपराधिक नुकसान अधिनियम (ओसीएचए) के तहत निर्देश जारी कर ‘यूट्यूब’, ‘फेसबुक’ और ‘एक्स’ पर मौजूद इन पोस्ट को हटाने का निर्देश जारी किया है।
सिंगापुर की 60 लाख से अधिक की आबादी में से 75 प्रतिशत चीनी मूल के हैं, 15 प्रतिशत मलय मूल के हैं तथा सात से नौ प्रतिशत भारतीय मूल के हैं। शेष अन्य मूल के हैं।
बयान के अनुसार सोशल मीडिया मंचों से कहा गया है कि वे सभी जरूरी कदम उठाए ताकि सिंगापुर के उपयोगकर्ताओं को वे (पोस्ट) नजर नहीं आयें।
गृह मामलों के राज्य मंत्री एडविन टोंग ने शनिवार को एक सामुदायिक कार्यक्रम में पत्रकारों से कहा कि ‘‘अब तक मिली जानकारी के अनुसार, यह सामग्री विदेश से आई है।’’
‘चैनल न्यूज एशिया’ की शनिवार की खबर के अनुसार इन पोस्ट में मौजूद आपत्तिजनक सामग्री की जांच से पता चला है कि ये संभवतः चीन स्थित एक मंच से उत्पन्न हुए और बाद में अन्य मंचों और वेबसाइटों ने उन्हें साझा किया।
चैनल ने टोंग के हवाले से कहा, ‘‘ये वीडियो हमारे बहुजातीय समाज पर हमला करते हैं और नस्ल के आधार पर लोगों को बांटने की कोशिश करते हैं। यह हमारी पहचान नहीं है। सिंगापुर में हर समुदाय का सम्मान किया जाता है और सभी का समान स्थान है।’’
टोंग ने कहा कि सरकार सिंगापुर के नस्लीय सद्भाव को कमजोर करने वाली किसी भी बात को बर्दाश्त नहीं करती।
भाषा राजकुमार शोभना
शोभना