सिंगापुर के राजनयिक, म्यांमा के कार्यकर्ता और बांग्लादेशी शिक्षक को मैगसायसाय पुरस्कार
सिंगापुर के राजनयिक, म्यांमा के कार्यकर्ता और बांग्लादेशी शिक्षक को मैगसायसाय पुरस्कार
मनीला, 31 अगस्त (एपी) सिंगापुर के वकील और राजनयिक टॉमी कोह, म्यांमा के कार्यकर्ता बो काई और बांग्लादेश की पूर्व शिक्षिका रुना खान को एशिया के नोबेल के तौर पर ख्याति प्राप्त रेमन मैगसायसाय पुरस्कार देने की सोमवार को घोषणा की गई।
फिलीपीन के राष्ट्रपति रेमन मैगसायसाय के नाम पर 1958 में स्थापित यह पुरस्कार पूरे एशिया में लोगों की निस्वार्थ सेवा करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में दिया जाता है। मैगसायसाय की 1957 में हवाई दुर्घटना में मौत हो गई थी।
इस पुरस्कार के विजेताओं को 15 नवंबर को मनीला के मेट्रोपॉलिटन थिएटर में एक पदक, प्रशस्ति पत्र और एक गुप्त नकद इनाम से सम्मानित किया जाएगा।
इस साल सिंगापुर के वकील और राजनयिक टॉमी कोह (88)को अंतरराष्ट्रीय बातचीत और कानून के शासन को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें 150 से अधिक देशों के उस संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन की अध्यक्षता करने के लिए मुख्य रूप से जाना जाता है, जिसमें 1982 में ‘समुद्र के कानून पर संयुक्त राष्ट्र संधि’ को अंगीकार किया गया था।
इस वर्ष इस सम्मान से सम्मानित की जाने वाली हस्तियों में म्यांमा की 61 वर्षीय बो काई भी हैं जिन्हें देश के सैन्य शासन द्वारा बड़े पैमाने पर मानवाधिकारों के उल्लंघन के खिलाफ आवाज़ उठाने और लोकतंत्र की रक्षा में जीवन बिताने के कारण सात साल कारावास की सजा भुगतनी पड़ी है।
बांग्लादेश की 67 वर्षीय रूना खान को यह सम्मान ‘अपने देश के सबसे गरीब लोगों के प्रति गहरी सहानुभूति’ के लिए मिला।
पुरस्कार समिति ने एक बयान में कहा कि एक अमीर परिवार से होने के बावजूद, उन्होंने सबसे पहले 1979 में गरीब बच्चों को पढ़ाने का काम किया और 2002 में ‘फ्रेंडशिप बांग्लादेश’ नाम का एक संगठन बनाया। इस संगठन ने सबसे गरीब लोगों की ‘जलवायु परिवर्तन का सामना करने, बच्चों को शिक्षित करने, महिलाओं को सशक्त बनाने, आजीविका के अवसर पैदा करने और समाज से अलग-थलग पड़े लोगों को सामाजिक न्याय दिलाने’ में मदद की।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


