फ्रांस में भीषण वनाग्नि से हालात बिगड़े, ढाई लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
फ्रांस में भीषण वनाग्नि से हालात बिगड़े, ढाई लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
लेज-कैप-फेरेट (फ्रांस), 26 जुलाई (एपी) दक्षिण-पश्चिम फ्रांस में भीषण वनाग्नि के कारण रविवार रात अन्य 55,000 लोगों को अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। शराब के लिए दुनिया भर में मशहूर शहर बोर्दो के बेहद करीब तक आग के फैलने के बीच, केवल एक ही क्षेत्र से अब तक 2.20 लाख लोगों को निकाला जा चुका है।
गिरोंड क्षेत्र के अधिकारियों ने बोर्दो के दक्षिण-पश्चिम में स्थित पांच और इलाकों को रात में खाली कराने के आदेश जारी किए।
अधिकारियों की ओर से जारी बयान के अनुसार, रात में चली तेज तूफानी हवाओं ने आग को और भड़का दिया, जिससे सप्ताह के मध्य से धधक रही यह आग विकराल होती जा रही है।
गिरोंड के प्रशासनिक प्रमुख ने बोर्दो से दक्षिण-पश्चिम की ओर जाने वाले एक प्रमुख राजमार्ग को भी आंशिक रूप से बंद करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्दो के मेयर ने कहा, ‘‘आग अब भी महानगरीय क्षेत्र की सीमा के करीब धधक रही है।’’ उन्होंने कहा कि इस समय जहां आग धधक रही है, वह स्थान शहर से महज 15 किलोमीटर दूर है।
दक्षिण में स्थित लांद क्षेत्र में भड़की दूसरी वनाग्नि के कारण भी इस सप्ताह 30,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इन दोनों घटनाओं के कारण 2.50 लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं।
उधर, पड़ोसी देश स्पेन में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मैड्रिड के पश्चिम में लगी वनाग्नि के कारण इस सप्ताह 70,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
भाषा खारी सुभाष
सुभाष

Facebook


