मिशिगन में अलग-अलग जगहों पर संदिग्ध समेत छह लोग मृत मिले

Ads

मिशिगन में अलग-अलग जगहों पर संदिग्ध समेत छह लोग मृत मिले

  •  
  • Publish Date - August 15, 2026 / 08:54 AM IST,
    Updated On - August 15, 2026 / 08:54 AM IST

मिशिगन (अमेरिका), 15 अगस्त (एपी) अमेरिका के मिशिगन राज्य में अलग-अलग स्थानों पर व्यापक तलाश अभियान के बाद शुक्रवार को एक संदिग्ध सहित छह लोग मृत मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मिशिगन राज्य पुलिस ने एक बयान में बताया कि दोपहर करीब 12 बजे डेट्रॉइट से लगभग 272 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित मिसॉकी काउंटी के एक घर में गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां तीन लोग मृत मिले, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध चाड हिचमैन (39) पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया था।

अधिकारियों ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने उसकी तलाश में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। इस दौरान एक अन्य घर में एक और व्यक्ति का शव मिला।

पुलिस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए हथियार से लैस हिचमैन के बारे में लोगों को सतर्क किया।

पुलिस के अनुसार, बाद में कानून प्रवर्तन एजेंसियों को व्हिटलॉक झील के पास एक जंगल में हिचमैन का वाहन मिला। वहां एक अन्य व्यक्ति और हिचमैन के शव बरामद किए गए।

कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि, उन्होंने यह जानकारी नहीं दी कि इन सभी लोगों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और न ही यह बताया कि ये सभी एक-दूसरे को जानते थे या नहीं।

पुलिस ने संदिग्ध हमलावर के अलावा किसी अन्य मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।

एपी खारी रंजन

रंजन