पेशावर, 14 मार्च (भाषा) पाकिस्तान पुलिस के आतंकवाद-रोधी विभाग (सीटीडी) ने अशांत उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार देर रात खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए एक अभियान के दौरान छह आतंकवादियों को मार गिराया।
सीटीडी के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह अभियान लक्की मरवत जिले के शगई इलाके में चलाया गया।
उन्होंने बताया कि सीटीडी दल जैसी ही आतंकवादियों के ठिकाने के पास पहुंचा, उन्होंने दल पर गोलीबारी शुरू कर दी जिसके बाद कानून प्रवर्तन कर्मियों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी एक घंटे तक जारी रही और इस दौरान छह आतंकवादी मारे गए।
प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी थी और उनकी पहचान हो जाने के बाद उनके मददगारों एवं उनसे जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आतंकवादियों के पास से मैगजीन और गोला-बारूद के अलावा चार कलाश्निकोव, नौ एमएम की दो पिस्तौल, आठ हैंड ग्रेनेड और एक आईईडी बरामद किया गया।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि