लॉस एंजिलिस, दो अगस्त (भाषा) टॉम हॉलैंड और ज़ेंडया अभिनीत फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ इंटरनेट पर लीक हो गई। विभिन्न मंचों से हटाए जाने से पहले यह फिल्म हजारों उपयोगकर्ताओं तक पहुंच चुकी थी।
डेस्टिन डैनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर पहले ही 16.8 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई कर चुकी है।
मनोरंजन जगत की समाचार वेबसाइट ‘वैराइटी’ के अनुसार, लीक हुई फिल्म को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया गया, जहां से कई उपयोगकर्ताओं ने इसे डाउनलोड करके अपने हैंडल से पोस्ट कर दिया।
इससे पहले क्रिस्टोफर नोलन की हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘द ओडिसी’ भी ऑनलाइन लीक हो गई थी, जिसके बाद निर्माता कंपनी ‘यूनिवर्सल पिक्चर्स’ ने इसे हटाने की कार्रवाई की थी।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ की कहानी 2021 में आई फिल्म ‘नो वे होम’ की घटनाओं के चार साल बाद से शुरू होती है। इसमें पीटर पार्कर एकांतवास में रह रहा है और उसने अपने सभी प्रियजनों की यादों से खुद को पूरी तरह मिटा दिया है।
यह फिल्म पीटर पार्कर के एक नए और शक्तिशाली खतरे का सामना करने तथा अपने अपराध-विरोधी जीवन की ज़रूरतों के कारण आए एक हैरान करने वाले शारीरिक बदलाव से जूझने की कहानी दर्शाती है।
‘ब्रांड न्यू डे’ मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (एमसीयू) की 38वीं फिल्म है और इसका निर्माण केविन फाइगी तथा एमी पास्कल ने किया है।
इस फिल्म में मार्क रफालो (ब्रूस उर्फ द हल्क), जॉन बर्न्थाल (द पनिशर) और माइकल मैंडो (स्कॉर्पियन) भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप