आईटी उद्योग में नयी नौकरियां नहीं हो रहीं पैदा, एआई व डाटा सेंटर पर खर्च बढ़ा: श्रीधर वेम्बू

Ads

आईटी उद्योग में नयी नौकरियां नहीं हो रहीं पैदा, एआई व डाटा सेंटर पर खर्च बढ़ा: श्रीधर वेम्बू

  •  
  • Publish Date - August 2, 2026 / 06:17 PM IST,
    Updated On - August 2, 2026 / 06:17 PM IST

नयी दिल्ली, दो अगस्त (भाषा) जोहो के संस्थापक एवं मुख्य वैज्ञानिक श्रीधर वेम्बू ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) उद्योग में कंपनियों का बड़ा हिस्सा अब कृत्रिम मेधा (एआई) और डाटा सेंटर की बढ़ती लागत पर खर्च हो रहा है, जिससे नयी नौकरियां कम पैदा हो रही हैं।

वेम्बू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि जोहो समेत आईटी उद्योग क्षेत्र ने बड़े पैमाने पर छंटनी से तो बचाव किया है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में नयी नौकरियों के अवसर भी नहीं दिए हैं।

उन्होंने कहा, “जो पैसा पहले नए कर्मचारियों पर खर्च होता था, वह अब एआई और डाटा सेंटर की लागत में जा रहा है, खासकर सर्वर और मेमोरी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के कारण यह सब हो रहा है।”

वेम्बू ने कहा कि हालांकि, कंपनी इन खर्चों का प्रबंधन करने की कोशिश कर रही है, लेकिन कई बातें उनके नियंत्रण से बाहर हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी कंपनियां अपने आईटी बजट का रुख एआई की ओर कर रही हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर अनिश्चितता जताई कि एआई कंपनियां भारी पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) के बावजूद अपेक्षित मुनाफा कमा पाएंगी या नहीं।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय