श्रीलंका की दो जेलों में झड़पों के दौरान तीन कैदियों की मौत, 23 अन्य घायल
श्रीलंका की दो जेलों में झड़पों के दौरान तीन कैदियों की मौत, 23 अन्य घायल
कोलंबो, सात अगस्त (भाषा) श्रीलंका की दो जेलों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई झड़पों में तीन कैदियों की मौत हो गई और 23 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
श्रीलंका में पिछले एक महीने के दौरान कारागारों में हिंसा की इस प्रकार की कई घटनाएं हुई हैं।
सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री ने कहा है कि इन घटनाओं के किसी संगठित साजिश का हिस्सा होने का संदेह है।
कोलंबो से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित कुरुविटा जेल में शुक्रवार को हुई झड़प में दो कैदियों की मौत हो गई जबकि 13 अन्य घायल हो गए।
कानून मंत्री हर्षणा नानायक्कारा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि इस अशांति की तत्काल वजह मादक पदार्थों वाला एक पैकेट मिलना और उसके बाद हुई गिरफ्तारी थी। स्पष्ट है कि यह सरकार के मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की प्रतिक्रिया थी।’’
घायलों का इलाज रत्नापुरा अस्पताल में चल रहा है। इस घटना से कुछ घंटे पहले कोलंबो की मैगजीन जेल में भी इसी तरह की तनावपूर्ण स्थिति पैदा हुई थी।
सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री विजेपाला ने संसद को बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब 10:00 बजे लगभग 40 कैदियों ने जेल के एक हिस्से में घुसकर दंगा किया। इस हिंसा में एक कैदी की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने कहा कि दोनों जेलों में उपद्रव पर काबू पा लिया गया है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं।
मंत्री ने कहा कि कोलंबो जेल की घटना में एक कैदी की मौत हुई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए।
जेल अधिकारियों के अनुसार, दोनों कारागारों में हुए उपद्रव पर सैनिकों की तैनाती के बाद काबू पा लिया गया है।
इन घटनाओं से पहले पांच और छह जुलाई को नेगोंबो जेल में भी इसी तरह की हिंसा में 33 लोगों की मौत हो गई थी।
महारा जेल में भी एक अगस्त को इसी तरह हिंसा हुई थी जिसमें एक कैदी की मौत हो गई थी।
भाषा संतोष नरेश
नरेश

Facebook


