कोलंबो, 11 मार्च (भाषा) श्रीलंका की एक अदालत ने बुधवार को आदेश दिया कि श्रीलंका के तट के पास एक ईरानी जहाज पर अमेरिका की ओर से किए गए हमले में मारे गए 84 ईरानी नाविकों के शव ईरान के दूतावास को सौंप दिए जाएं।
फिलहाल शवों को गाले के राष्ट्रीय अस्पताल में दो फ्रीजर कंटेनर में रखा गया है।
मुख्य मजिस्ट्रेट (गाले) समीरा डोडंगोडा ने अस्पताल के निदेशक को शवों को ईरानी दूतावास को सौंपने का आदेश दिया।
गाले हार्बर पुलिस के अनुरोध के बाद यह आदेश दिया गया।
पिछले सप्ताह बुधवार को श्रीलंका ने कहा था कि उसने अमेरिकी पनडुब्बी हमले में देश के दक्षिणी तट पर गाले के पास ईरानी जहाज ‘आईआरआईएस डेना’ के डूबने के बाद ईरान के 84 नाविकों के शव बरामद किए हैं।
यह जहाज भारत के विशाखापत्तनम से ईरान लौट रहा था, यहां इसने नौसेना के अभ्यास में भाग लिया था।
जीवित बचे 32 लोगों को भी गाले के राष्ट्रीय अस्पताल लाया गया था जिन्हें रविवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और गाले के कोग्गला स्थित श्रीलंका वायुसेना अड्डे पर ले जाया गया।
श्रीलंका सरकार ने पहले कहा था कि शवों को देश में तब तक रखा जाएगा जब तक हालात नहीं सुधरते।
भाषा
शुभम खारी
खारी