शिकागो एक्सचेंज में तेजी से सोयाबीन तेल-तिलहन में सुधार

Ads

शिकागो एक्सचेंज में तेजी से सोयाबीन तेल-तिलहन में सुधार

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 08:06 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 08:06 PM IST

नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) शिकागो एक्सचेंज में मजबूती के बीच शुक्रवार को सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम में तेजी रही। बड़ी पेराई मिलों द्वारा खरीद दाम बढ़ाये जाने के कारण सरसों तेल-तिलहन तथा कम उपलब्धता के बीच औद्योगिक मांग बढ़ने से बिनौला तेल में भी सुधार रहा। बाजार सूत्रों के अनुसार, वहीं कमजोर कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल के दाम स्थिर रहे। मलेशिया एक्सचेंज में कारोबार स्थिर रुख के साथ बंद हुआ। शिकॉगो एक्सचेंज में बृहस्पतिवार रात भी सुधार था और अभी इसमें सुधार जारी है। सूत्रों ने कहा कि सॉफ्ट आयल (नरम तेलों) में सोयाबीन अभी सस्ता है जिसपर बाजार की मांग को पूरा करने का दबाव है। त्योहारों की मांग भी सोयाबीन तेल ही पूरी कर रहा है। सोयाबीन तेल, सूरजमुखी तेल से 20-25 रुपये किलो सस्ता है। जबकि सोयाबीन तेल, सरसों से 18-20 रुपये किलो, मूंगफली तेल से 20 रुपये किलो और बिनौला से 15 रुपये किलो सस्ता है। सस्ता होने की वजह से सोयाबीन तेल की मांग है जो सोयाबीन तेल-तिलहन में सुधार आने का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि बड़े तेल मिलों द्वारा सरसों का खरीद दाम बढ़ाने के कारण सरसों तेल-तिलहन में भी सुधार आया। कम उपलब्धता के बीच औद्योगिक मांग में तेजी की वजह से बिनौला तेल के दाम में भी सुधार दिखा। कमजोर कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन, पाम-पामोलीन तेल के दाम स्थिर रहे। सूत्रों ने कहा कि प्लांट वालों द्वारा किसानों से सस्ते में फसल खरीदने के लिए सटोरियों की तरह सट्टेबाजी करने और दाम कम बोलने और गलत अनुमान पेश कर किसानों को हतोत्साहित करने जैसे प्रयास नहीं करने चाहिये। किसानों को हतोत्साहित करना फसल उत्पादन बढ़ाने के मकसद पर भी चोट कर सकता है। जिम्मेदार संस्थाओं को भी इस तरह के प्रयासों को नियंत्रित करने के प्रयास करने होंगे। तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे…

सरसों तिलहन – 8,300-8,350 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली – 7,275-7,850 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 16,850 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,665-2,965 रुपये प्रति टिन। सरसों तेल दादरी- 16,775 रुपये प्रति क्विंटल। सरसों पक्की घानी- 2,730-2,830 रुपये प्रति टिन। सरसों कच्ची घानी- 2,730-2,880 रुपये प्रति टिन। सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,600 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,150 रुपये प्रति क्विंटल। सीपीओ एक्स-कांडला- 13,800 रुपये प्रति क्विंटल। बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 16,850 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,650 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन एक्स- कांडला- 14,400 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल। सोयाबीन दाना – 7,225-7,275 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन लूज- 7,075-7,175 रुपये प्रति क्विंटल। भाषा राजेश राजेश रमणरमण