श्रीलंका के नेताओं ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की जीत पर उन्हें बधाई दी
श्रीलंका के नेताओं ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में विजय की जीत पर उन्हें बधाई दी
कोलंबो, पांच मई (भाषा) श्रीलंका के नेताओं ने अभिनेता से राजनेता बने विजय को उनके नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी की तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत के लिए मंगलवार को बधाई दी।
विजय के नेतृत्व वाली टीवीके पार्टी ने सोमवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में प्रभावशाली 108 सीट जीतकर चुनावी इतिहास में एक अलग रिकॉर्ड बनाया।
श्रीलंका के तमिल बहुल उत्तरी प्रांत में जश्न का माहौल था और यहां युवाओं ने अभिनेता की जीत का स्वागत किया।
विपक्षी श्रीलंका पोदुजना पेरामुना के राष्ट्रीय आयोजक और सांसद नमाल राजपक्षे ने विजय को बधाई दी।
उन्होंने कहा, “विजय को शानदार जीत पर बधाई। असली काम अब शुरू होता है और मैं कामना करता हूं कि आपको तथा आपकी टीम को आगे आने वाली चुनौतियों से पार पाने और लोगों को सार्थक लाभ पहुंचाने के लिए शक्ति और दृढ़ संकल्प मिले।”
उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों में सुधार की उम्मीद भी जताई।
बट्टिकलोआ जिले के सांसद शनाकियान रसमानिकम ने भी विजय को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।
उन्होंने संसद में कहा, ‘‘जोसेफ विजय को ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई। श्रीलंका की प्रमुख तमिल राजनीतिक पार्टी के रूप में हम तमिलनाडु सरकार और वहां की जनता के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर हैं।’’
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


