कोलंबो, 12 अप्रैल (भाषा) श्रीलंका के जलक्षेत्र में कथित तौर पर अवैध शिकार करने के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने कम से कम 12 और भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी नाव को जब्त कर लिया है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ’11 अप्रैल की रात को चलाए गए एक अभियान के दौरान, श्रीलंकाई नौसेना ने एक भारतीय मछली पकड़ने वाली नाव को जब्त कर लिया और 12 भारतीय मछुआरों को उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वे कराइनगर जाफना के कोविलम के पास श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे।’
आठ अप्रैल को, बुधवार को मन्नार के उत्तर में स्थित समुद्री क्षेत्र में श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध शिकार के आरोप में श्रीलंकाई नौसेना ने कम से कम 10 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया और उनकी नावों को जब्त कर लिया था।
इस वर्ष अब तक, श्रीलंकाई नौसेना ने अवैध शिकार के आरोप में 16 नावें जब्त की हैं और 112 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है।
मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच संबंधों में एक विवादास्पद विषय है, जिसमें श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने पाक जलडमरूमध्य में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की है और श्रीलंकाई क्षेत्रीय जल में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उनकी नौकाओं को जब्त किया है।
तमिलनाडु और श्रीलंका को अलग करने वाला पाक जलडमरूमध्य, दोनों देशों के मछुआरों के लिए मछली पकड़ने का एक समृद्ध क्षेत्र है।
दोनों देशों के मछुआरे अनजाने में एक-दूसरे के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के कारण अक्सर गिरफ्तार हो जाते हैं।
भाषा तान्या नरेश
नरेश