श्रीलंका के भ्रष्टाचार रोधी आयोग ने पूर्व राष्ट्रपति के बेटे को गिरफ्तार किया
श्रीलंका के भ्रष्टाचार रोधी आयोग ने पूर्व राष्ट्रपति के बेटे को गिरफ्तार किया
कोलंबो, 17 जून (भाषा) श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे योशिता राजपक्षे को देश के भ्रष्टाचार रोधी आयोग ने बुधवार को भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया।
योशिता इस मामले में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए आयोग (सीआईएबीओसी) के समक्ष पेश हुए।
राजपक्षे की तीन संतानों में से दूसरे नंबर के पुत्र योशिता को आयोग ने जांचकर्ताओं के समक्ष पेश होने के लिए समन जारी किया था।
सीआईएबीओसी ने श्रीलंका नौसेना के पूर्व अधिकारी योशिता की गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए कहा कि यह मामला उनकी भर्ती और प्रशिक्षण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।
सीआईएबीओसी ने एक बयान में कहा कि योशिता ने एक नौसैनिक कैडेट के रूप में सेवा शुरू की थी, लेकिन कथित तौर पर अहर्ताएं पूरी किए बिना ही उन्हें 2006 में श्रीलंका नौसेना की कार्यकारी शाखा में एक अधिकारी के रूप में नियुक्त कर लिया गया।
आयोग का यह भी आरोप है कि बाद में उन्हें तय भर्ती और प्रशिक्षण प्रक्रियाओं को दरकिनार कर, सरकारी धन पर ब्रिटिश रॉयल नेवल कॉलेज में एक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में शामिल होने का अवसर दिया गया।
सीआईएबीओसी ने कहा कि उसके जांच अधिकारियों ने भ्रष्टाचार से जुड़े इन कथित अपराधों के सिलसिले में उन्हें गिरफ्तार किया है।
भाषा सुमित पवनेश
पवनेश

Facebook


