लंदन, 13 जून (भाषा) राज्यसभा सदस्य सुधा मूर्ति की नयी पुस्तक का लंदन में स्थित भारतीय विद्या भवन में लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक में भारतीय संसद में सुसज्जित कुछ प्रतिष्ठित भित्तिचित्रों के पीछे के इतिहास का वर्णन किया गया है।
लोकसभा सचिवालय ने “टाइड्स ऑफ टाइम: भारत हिस्ट्री थ्रू म्यूरल्स इन पार्लियामेंट” नामक यह पुस्तक प्रकाशित की है और ब्रिटेन में भारत के उच्चायुक्त पी. कुमारन ने शुक्रवार शाम इसका विमोचन किया।
समारोह में सुधा मूर्ति के साथ उनके पति नारायण मूर्ति, पुत्री आकांक्षा मूर्ति, दामाद और ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक मौजूद थे।
सुधा मूर्ति ने अपने संबोधन में कहा, ‘यह पुस्तक मेरे प्रेम और समर्पण का परिणाम रही है।’
उन्होंने कहा, “यदि आप अपने देश का इतिहास नहीं जानते, तो आप अपने देश का भविष्य भी नहीं जान सकते… जब तक मुझे पढ़ाई और इतिहास के प्रति लगाव है, तब तक मैं युवा महसूस करती रहूंगी। इससे मुझे अपने देश के विभिन्न चरणों के बारे में जानने में मदद मिली है।”
भाषा जोहेब रंजन
रंजन