आतंकवाद भारत और पाकिस्तान के लिए ‘साझा चुनौती’ : विदेश कार्यालय
आतंकवाद भारत और पाकिस्तान के लिए ‘साझा चुनौती’ : विदेश कार्यालय
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 17 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में हाल में आयोजित क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी बैठक में भारत की भागीदारी को स्वीकार किया और कहा कि आतंकवाद दोनों देशों के लिए एक ‘‘साझा चुनौती’’ है।
शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के क्षेत्रीय आतंकवाद रोधी ढांचे (आरएटीएस) की परिषद की 46वीं बैठक 14 सितंबर को इस्लामाबाद में आयोजित की गई थी।
अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता के दौरान, विदेश कार्यालय के प्रवक्ता सज्जाद हैदर खान से इस महत्वपूर्ण बैठक में भारत की भागीदारी के बारे में पूछा गया। जवाब में उन्होंने पुष्टि की कि भारतीय मिशन के प्रभारी ने इसमें हिस्सा लिया था।
खान ने कहा, ‘‘भागीदारी रही है और हम उम्मीद करते हैं कि यह भागीदारी आगे भी जारी रहेगी, क्योंकि व्यापक उद्देश्य शांति, सुरक्षा और आतंकवाद से लड़ना है। आतंकवाद दोनों देशों के लिए एक साझा चुनौती है।’’
प्रवक्ता से उन खबरों के बारे में भी पूछा गया, जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तानी सिख तीर्थयात्रियों को फैसलाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय रोक दिया गया, जब वे गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब जाने के लिए भारत की यात्रा कर रहे थे।
उन्होंने इसे एक ‘‘दुर्भावनापूर्ण मीडिया अभियान’ करार देते हुए कहा, ‘‘ऐसी खबरें थीं कि तीर्थयात्रियों को विमान में चढ़ने की अनुमति नहीं दी गई, जो कि सही नहीं है।’’
भाषा देवेंद्र पारुल
पारुल

Facebook


