शाही क्षमादान के बाद थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनवात्रा को परिवीक्षा से समयपूर्व रिहाई
शाही क्षमादान के बाद थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनवात्रा को परिवीक्षा से समयपूर्व रिहाई
बैंकॉक, तीन जून (एपी) थाईलैंड के पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनवात्रा ने बुधवार को अपनी सजा से जुड़ी सभी कानूनी बाध्यताओं को औपचारिक रूप से पूरा कर लिया। राजा द्वारा दिए गए क्षमादान के बाद उनकी चार महीने की परिवीक्षा अवधि समय से पहले समाप्त कर दी गई।
थाईलैंड की राजनीति में दो दशकों से अधिक समय तक प्रभावशाली रहे 76 वर्षीय अरबपति नेता को पिछले महीने बैंकॉक की एक जेल से रिहा किया गया था। उनकी रिहाई के बाद यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वे सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल फेउ थाई पार्टी पर अपना प्रभाव बनाए रख सकते हैं, हालांकि उनके परिवार ने संकेत दिया है कि वह सक्रिय राजनीति से दूरी बना सकते हैं।
राजा महा वजीरालॉग्नकोर्न का आदेश मंगलवार देर रात रॉयल गजट में प्रकाशित हुआ और बुधवार से प्रभावी हो गया। यह निर्णय रानी सुथिदा के जन्मदिन के अवसर पर लिया गया। थाकसिन इस राहत के पात्र थे क्योंकि उनकी सजा का एक वर्ष से कम समय शेष था और वह पहले से ही परिवीक्षा पर रिहा थे।
थाकसिन ने 1998 में अपनी राजनीतिक पार्टी की स्थापना की थी और 2001 से 2006 तक प्रधानमंत्री रहे। 2006 में सैन्य तख्तापलट के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया था।
भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में उन्हें 2023 में आठ वर्ष की सजा सुनाई गई थी, जिसे बाद में राजा ने घटाकर एक वर्ष कर दिया। मई 2026 में आठ महीने की सजा पूरी करने के बाद उन्हें रिहा किया गया था।
एपी गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


