रूस के संसदीय चुनाव के नतीजे आये, क्रेमलिन की पकड़ और हुई मजबूत
रूस के संसदीय चुनाव के नतीजे आये, क्रेमलिन की पकड़ और हुई मजबूत
मास्को, 25 सितंबर (एपी) रूसी प्रशासन ने शुक्रवार को देश के पहले युद्ध-कालीन संसदीय चुनाव के संपूर्ण नतीजे जारी किए जो दर्शाते हैं कि क्रेमलिन का जबरदस्त राजनीतिक नियंत्रण और मज़बूत हो गया है।
देश में तीन दिनों तक मतदान चला जो रविवार को खत्म हुआ।
सेंट्रल इलेक्शन कमीशन द्वारा जारी चुनाव नतीजों के मुताबिक, क्रेमलिन की मुख्य पार्टी ‘यूनाइटेड रशिया’ को निचले सदन यानी ‘स्टेट ड्यूमा’ में तीन-चौथाई से ज़्यादा सीट मिलेंगी, जो एक रिकॉर्ड है।
इस पूरी तरह से नियंत्रित चुनाव प्रक्रिया में असल विपक्ष को लगभग पूरी तरह से बाहर रखा गया।
रूस के 11.1 करोड़ पात्र मतदाताओं में से लगभग 60 फीसद ने वोट डाला जो एक दशक से ज़्यादा समय में किसी संसदीय चुनाव के लिए सबसे ज़्यादा है।
प्रशासन ने तीन दिनों तक मतदान करवाया। लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कुछ इलाकों में ऑनलाइन मतदान की भी इजाज़त दी गयी थी।
यह संसदीय चुनाव 2022 में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हमले के बाद पहला चुनाव था। इसमें देश के उन चार इलाकों के निवासियों को भी शामिल किया गया, जिन पर उसी साल बाद में रूस ने कब्ज़ा कर लिया था और उन्हें गैर-कानूनी तरीके से अपने देश में मिला लिया था।
क्रीमिया में भी मतदान हुआ जिसे 2014 में रूस ने गैर-कानूनी तरीके से अपने कब्ज़े में ले लिया था। यूक्रेन ने इन इलाकों में मतदान को गैर-कानूनी बताया।
पुतिन ने बुधवार को कहा कि चुनाव के नतीजे क्रेमलिन की नीतियों के प्रति जनसमर्थन को दर्शाते हैं।
कमीशन की प्रमुख एला पमफिलोवा ने कहा कि यूनाइटेड रशिया को ड्यूमा की 450 में से 349 सीट मिलीं।
एपी
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


