व्यापार एवं निवेश नेपाल-अमेरिका संबंधों के अगले चरण को परिभाषित करेंगे: स्कॉट अर्बोम

Ads

व्यापार एवं निवेश नेपाल-अमेरिका संबंधों के अगले चरण को परिभाषित करेंगे: स्कॉट अर्बोम

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 10:05 PM IST

काठमांडू, 25 अगस्त (भाषा) नेपाल में अमेरिकी राजदूत स्कॉट अर्बोम ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों का अगला चरण व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और साझा समृद्धि के आधार पर तय किया जाना चाहिए।

अमेरिका के 250वीं स्वाधीनता दिवस के मौके पर काठमांडू में आयोजित एक कार्यक्रम में नेपाल में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी स्कॉट अर्बोम ने कहा, ‘‘ पिछले 79 वर्षों में, अमेरिका और नेपाल ने साझा प्राथमिकताओं एवं साझा मूल्यों पर आधारित एक करीबी साझेदारी विकसित की है।’’

उन्होंने कहा कि अगले साल जब नेपाल और अमेरिका अपने रिश्तों की 80वीं सालगिरह मनाएंगे, तो अगले दौर की पहचान ‘‘व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और साझा समृद्धि’ से होनी चाहिए।

उर्बोम ने सड़क अवसंरचना और पारेषण लाइनों को बेहतर बनाने के लिए नेपाल को मिली 50 करोड़ अमेरिकी डॉलर की ‘मिलेनियम चैलेंज कॉर्पोरेशन’ (एमसीसी) अनुदान सहायता का भी जिक्र किया।

नेपाल के लिए एमसीसी अनुदान पर 2017 में हस्ताक्षर किए गए थे और 2022 में नेपाल की संसद ने इसे मंज़ूरी दी थी। आखिरकार 2023 में इसे लागू करने पर काम शुरू हुआ।

‘काठमांडू पोस्ट’ अखबार के अनुसार, अमेरिका द्वारा वित्तपोषण पर लगाई गई अस्थायी रोक हटाने के बाद जुलाई 2025 में नेपाल की अवसंरचना परियोजना का काम पूरी तरह से फिर शुरू हो गया।

नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने ‘सेंटर फॉर सोशल इनोवेशन एंड फॉरेन पॉलिसी’ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हिस्सा लिया।

खनाल ने अपने मुख्य भाषण में कहा,‘‘नेपाल अपने आर्थिक मॉडल को तेज़ी से बदल रहा है। वह मदद पर निर्भरता से हटकर निजी क्षेत्र की सक्रियता, विदेशी प्रत्यक्ष निवेश और ज़्यादा मूल्य वाले व्यापार की ओर बढ़ रहा है।’’

खनाल ने अमेरिका के साथ आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए तीन क्षेत्रों पर ध्यान देने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।

उन्होंने कहा कि सबसे पहले नेपाल को अपने प्रतिभाशाली युवाओं और आईटी श्रमबल को अमेरिका के नवोन्मेषी पारिस्थितिकी तंत्र और पूंजी से जोड़कर डिजिटल बदलाव को आगे बढ़ाने की ज़रूरत है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा, टिकाऊ पनबिजली का विकास, सीमा-पार पारेषण ग्रिड और हिमालय के नाज़ुक पारितंत्र की सुरक्षा के उपाय नेपाल का दूसरा विशेष मुख्य क्षेत्र हैं।

उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, व्यापारिक संबंधों और उद्यम विकास को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका में मौजूद सक्रिय नेपाली समुदाय को शामिल करके मानव पूंजी और उद्यमिता को जुटाना तीसरा ऐसा क्षेत्र है जिस पर इस हिमालयी देश को ध्यान देने की ज़रूरत है।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव

ताजा खबर