संचार प्रणाली में खराबी के कारण पूरे जर्मनी में ट्रेन सेवाएं बाधित

Ads

संचार प्रणाली में खराबी के कारण पूरे जर्मनी में ट्रेन सेवाएं बाधित

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 08:42 AM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 08:42 AM IST

बर्लिन, 24 जून (एपी) संचार प्रणाली में खराबी के कारण जर्मनी के रेलवे नेटवर्क को मंगलवार देर रात सभी ट्रेन रोकनी पड़ीं जिससे देशभर में यात्री फंस गए।

रेलगाड़ियों को स्टेशनों पर रोक दिया गया और यात्री यह पता लगाने के लिए पूछताछ काउंटरों पर लंबी कतारों में खड़े रहे कि वे अपने गंतव्य तक कैसे पहुंचें।

देश की प्रमुख रेलवे परिचालक कंपनी ‘डॉयचे बान’ ने संचार प्रणाली में खराबी की सूचना देने के करीब ढाई घंटे बाद मंगलवार देर रात करीब एक बजे बताया कि समस्या का समाधान कर लिया गया है और सेवाएं ‘‘चरणबद्ध तरीके से’’ बहाल की जा रही हैं।

कंपनी ने बताया कि देशभर में ‘ग्लोबल सिस्टम फॉर मोबाइल कम्युनिकेशंस-रेलवे’ (जीएसएम-आर) डिजिटल संचार प्रणाली में समस्या आई थी। इस प्रणाली का इस्तेमाल रेलवे नेटवर्क पर आंतरिक संचार के लिए किया जाता है। कंपनी ने बाद में बताया कि खराबी के कारण का पता लगा लिया गया है लेकिन उसने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

‘बिल्ड’ समाचार पत्र ने डॉयचे बान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवलिन पाला के हवाले से कहा कि वे ‘‘एक आपातकालीन प्रणाली की मदद से स्थिति को स्थिर करने में सफल रहे।’’

‘डॉयचे बान’ ने बताया कि सेवाएं बाधित रहने के दौरान यात्रियों को टैक्सी और होटल के वाउचर दिए गए। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी मांगी।

जर्मनी में हाल के वर्षों में ट्रेन संचालन में देरी और सेवाएं बाधित होने की शिकायतें लगातार बढ़ी हैं।

एपी सिम्मी खारी

खारी