न्यूयॉर्क, 28 अगस्त (एपी) अमेरिका के एक संघीय न्यायाधीश ने शुक्रवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘हश मनी’ मामले में दोषसिद्धि रद्द कराने की एक और कोशिश नाकाम कर दी।
न्यायाधीश ने राष्ट्रपति के उस प्रयास को भी अस्वीकार कर दिया, जिसमें उन्होंने मामले को राज्य की अदालत से संघीय अदालत में स्थानांतरित करने और राष्ट्रपति को प्राप्त कानूनी छूट के आधार पर इसे खारिज करने का अनुरोध किया था।
‘हश मनी’ मामला ट्रंप से जुड़ा एक ऐतिहासिक आपराधिक मामला है, जिसमें उन पर 2016 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले मॉडल स्टॉर्मी डेनियल को चुप रहने के लिए गुप्त रूप से पैसे देने और उस भुगतान को छिपाने के लिए व्यावसायिक रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का आरोप था।
न्यायाधीश एल्विन के. हेलरस्टीन ने अपने पहले के फैसले को दोहराते हुए कहा कि ट्रंप द्वारा दोबारा अनुरोध किए जाने के लिए बताए गए कारण ‘‘न तो नए हैं और न ही कानूनी रूप से पर्याप्त।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह उचित कारण और आवश्यक तत्परता दिखाने में विफल रहे हैं।’’
यह तीसरी बार है जब हेलरस्टीन ने ट्रंप की इस मामले को मैनहट्टन स्थित अमेरिकी जिला अदालत में ले जाने की कोशिश को नाकाम किया है। ट्रंप चाहते थे कि यह मामला न्यूयॉर्क की उस अदालत से संघीय अदालत में स्थानांतरित हो जाए, जहां उनके खिलाफ मुकदमा चला था और उन्हें दोषी करार दिया गया था।
दोनों पक्षों के वकीलों ने टिप्पणी के अनुरोधों का तत्काल जवाब नहीं दिया।
एपी सुभाष सिम्मी
सिम्मी