कीव, 28 अगस्त (एपी) रूसी सेना ने शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन यूक्रेन के कीव क्षेत्र पर ड्रोन से हमले किये और इस दौरान 12 से अधिक अपार्टमेंट इमारतों और गोदामों को निशाना बनाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि बृहस्पतिवार को कीव में लंबे समय तक चले हवाई हमलों ने यूक्रेनी राजधानी को लगभग 15 घंटे तक पूरी तरह से ठप कर दिया, जिससे अर्थव्यवस्था थम गई। मंत्रालय ने बताया कि रूस द्वारा पूर्ण पैमाने के किये गये आक्रमण के साढ़े चार साल से अधिक समय बाद जनजीवन गंभीर रूप से बाधित हो गया।
यूक्रेन के पास रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों का मुकाबला करने वाली अमेरिकी निर्मित पैट्रियट वायु रक्षा मिसाइलों की भारी कमी है। वहीं, रूस के तेज गति वाले जेट इंजन से चलने वाले ड्रोन ने भी यूक्रेन की वायुरक्षा के सामने एक नयी चुनौती पेश की है।
कीव का मानना है कि उसके ऊपर रूस के हालिया हमले यूक्रेन को पंगु बना देना है।
यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि रूस मिसाइलों का भंडार बढ़ा रहा है और हर कुछ दिनों में बड़े हमले कर रहा है ताकि बड़ी संख्या में हमले करके यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को थका दिया जाए। इसके जवाब में यूक्रेन ने भी रूस की धरती पर महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया है।
कीव क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने शुक्रवार को बताया कि कीव क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में 14 गोदाम, 16 मकान, तीन अपार्टमेंट इमारत और 16 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
राज्य आपातकालीन सेवा ने कहा कि आपातकालीन कर्मियों के तैनात होने के बाद एक दूसरे ड्रोन ने उसी स्थान पर हमला किया, जिसे सेना की भाषा में ‘‘डबल टैप’ कहा जाता है, जिसका उद्देश्य पहले प्रतिक्रिया देने वाले बचावकर्मियों को निशाना बनाना होता है।
अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो घायल हो गए।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेना ने रात भर कीव क्षेत्र में एक ऐसे गोदाम पर हमला किया, जहां यूक्रेन की ‘फ्लेमिंगो’ क्रूज मिसाइलें और रॉकेट बूस्टर का ईंधन संग्रहीत था।
यूक्रेनी अधिकारियों ने रूसी दावे की तुरंत पुष्टि नहीं की और एसोसिएटेड प्रेस भी इसकी पुष्टि नहीं कर सका। हालिया हमलों ने किताबें, भोजन और अन्य उपभोक्ता सामान का भंडारण करने वाली सुविधाओं सहित कीव और उसके आसपास के कई गोदामों को नुकसान पहुंचाया है। ये हमले दिन के उजाले तक जारी रहे।
तकाचेंको ने निवासियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और हवाई हमले के अलर्ट पर ध्यान देने का आग्रह किया।
राष्ट्रीय सुरक्षा एवं रक्षा परिषद में यूक्रेन के ‘सेंटर फॉर काउंटरिंग डिसइन्फॉर्मेशन’ के प्रमुख आंद्री कोवालेन्को के अनुसार, रूस राजधानी कीव को पंगु बनाने के प्रयास में कम संख्या में तेज गति वाले जेट-संचालित ड्रोन से हमले कर रहा है।
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रातभर में यूक्रेन पर 164 ड्रोन दागे। वायुसेना ने मिसाइलों का ज़िक्र नहीं किया, जो आमतौर पर रूस के हवाई हमलों का हिस्सा होती हैं।
सुमी क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह ग्रिगोरोव ने बताया कि शुक्रवार को उत्तरी सुमी इलाके में रूस के ग्लाइड बम हमले में 61 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसके वायु रक्षा तंत्र ने रातभर में 18 रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ अवैध रूप से कब्ज़े में लिये गए क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर के ऊपर 512 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए।
एपी सुरेश देवेंद्र
देवेंद्र