ट्रंप ने न्यायालय के फैसले की आलोचना की, कहा: भारत-पाक युद्ध समाप्त कराने को टैरिफ का इस्तेमाल किया
ट्रंप ने न्यायालय के फैसले की आलोचना की, कहा: भारत-पाक युद्ध समाप्त कराने को टैरिफ का इस्तेमाल किया
(योशिता सिंह)
न्यूयॉर्क/वाशिंगटन, 20 फरवरी (भाषा) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध को समाप्त कराने के लिए शुल्क का इस्तेमाल किया, साथ ही उन्होंने दुनिया भर के देशों पर लगाए गए अपने व्यापक टैरिफ को रद्द करने के अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के फैसले की कड़ी आलोचना की।
न्यायाधीशों ने छह-तीन के बहुमत से पाया कि अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन आर्थिक महाशक्ति अधिनियम (आईईईपीए) शुल्क लगाने का अधिकार नहीं देता है। न्यायमूर्ति क्लेरेंस थॉमस, न्यायमूर्ति सैमुअल ए एलिटो जूनियर और न्यायमूर्ति ब्रेट कावानॉ ने न्यायालय के निर्णय से असहमति जताई।
ट्रंप ने उच्चतम न्यायालय के फैसले के कुछ ही घंटों बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैंने जिन आठ युद्धों को समाप्त कराया, उनमें से पांच को समाप्त करने के लिए भी टैरिफ का इस्तेमाल किया गया। मैंने आठ युद्धों का निपटारा किया, चाहे आपको पसंद हो या न हो, जिनमें भारत, पाकिस्तान (का संघर्ष), बड़े युद्ध, या परमाणु युद्ध की आशंका वाले युद्ध शामिल हैं।’
भारत ने पाकिस्तान के साथ संघर्ष रुकने में किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है।
ट्रंप ने कहा कि टैरिफ पर उच्चतम न्यायालय का फैसला ‘बेहद निराशाजनक’ है और ‘मुझे अदालत के कुछ सदस्यों पर शर्म आती है, बिल्कुल शर्म आती है कि उनमें हमारे देश के लिए सही काम करने का साहस नहीं है।’
ट्रंप ने पिछले साल 10 मई के बाद से भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने का श्रेय 80 से अधिक बार लिया है।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


