वाशिंगटन, छह जुलाई (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की जिसे छेड़छाड़ कर बनाया गया था और जिसमें पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा ‘एयर फोर्स वन’ विमान में सवार होने से पहले हाथ हिलाकर अभिवादन करते दिख रहे हैं। तस्वीर में विमान पर ‘स्प्रे पेंट’ से नारे लिखे हुए दिख रहे हैं।
इस घटना से कुछ महीने पहले राष्ट्रपति ने एक अन्य नस्ली पोस्ट किया था जिसमें दंपति को जंगल में रहने वाले वानरों के रूप में दिखाया गया था। हालांकि देश के दोनों प्रमुख दलों की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद उस पोस्ट को हटा दिया गया था।
ताजा तस्वीर में बराक और मिशेल ओबामा सीढ़ियों के ऊपर मुस्कुराते और हाथ हिलाकर अभिवादन करते दिख रहे हैं। उनके पीछे हल्के नीले और सफेद रंग का राष्ट्रपति का विमान है जिस पर नारे लिखे हैं। इसमें ‘डेमोक्रेटिक पार्टी’ का चुनावी नारा ‘‘यस वी कैन’’ (हां, हम कर सकते हैं), ‘‘ओबामा’’ और ‘‘बीएलएम’’ (ब्लैक लाइव्स मैटर)’’ लिखा है। पोस्ट में विमान पर अरबी भाषा में ‘‘अलहम्दुलिल्लाह’’ लिखा दिख रहा है, जिसका मतलब है ‘‘भगवान का शुक्र है’’।
‘ग्रैफिटी’ (दीवारों या सार्वजनिक स्थानों पर ‘स्प्रे पेंट’ से बनाए गए चित्र या नारे) का इस्तेमाल एक सांकेतिक संदेश के रूप में किया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को अपराध और शहरी अव्यवस्था की याद दिलाना है। इससे पूर्व भी इस तरह के प्रतीकों का उपयोग अश्वेत लोगों के खिलाफ नस्ली संदेशों में किया जाता रहा है।
ट्रंप का ओबामा परिवार की तीखी और निजी आलोचना करने और भड़काऊ व कभी-कभी नस्ली भाषा का इस्तेमाल करने का पुराना रिकॉर्ड रहा है। इससे पहले भी वह ओबामा को निशाना बनाते हुए कई टिप्पणियां कर चुके हैं जैसे कि ओबामा का जन्म अमेरिका में नहीं हुआ। वह ओबामा को निशाना बनाते हुए अश्वेत बहुल देशों के बारे में अपमानजनक भाषा का इस तरह से इस्तेमाल कर चुके हैं जैसे कि वे कोई सामान्य बात हो। उन्हें अपने ‘ट्रुथ सोशल’ पर ऐसे पोस्ट किए हैं जिनसे लोगों का गुस्सा भड़का।
एपी सुरभि वैभव
वैभव