ट्रंप ने बेहतर भविष्य बनाने के लिए काम करने का वादा किया; शी ने कहा: प्रतिस्पर्धा करें, कुश्ती नहीं

Ads

ट्रंप ने बेहतर भविष्य बनाने के लिए काम करने का वादा किया; शी ने कहा: प्रतिस्पर्धा करें, कुश्ती नहीं

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 10:16 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 10:16 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, 24 सितंबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बृहस्पतिवार को अमेरिका की अपनी दूसरी राजकीय यात्रा की शुरुआत व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा किए गए औपचारिक स्वागत के साथ की, जहां ट्रंप ने दोनों देशों के लिए बेहतर भविष्य बनाने की दिशा में काम करने का वादा किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास सह कार्यालय व्हाइट हाउस के ‘साउथ पोर्टिको’ में सेना के बैंड की धुन के बीच ट्रंप और अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ने शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया।

चीनी नेता एक काली एसयूवी होंगकी (रेड फ्लैग) एन701 से पहुंचे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति की ‘बीस्ट’ गाड़ी के समान है।

अंदर जाने से पहले, दोनों दंपति कुछ देर के लिए बाहर एक साथ खड़े रहे।

व्हाइट हाउस में अपने शुरुआती संक्षिप्त संबोधन में, दूसरे विश्व युद्ध में अमेरिका की भूमिका को याद करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘‘जिस तरह हमारे लोगों ने उस युद्ध को जीतने के लिए मिलकर काम किया था, उसी तरह हम दोनों अमेरिका और चीन के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’’

ट्रंप ने कहा कि 2016 में उनके पहले चुनाव के बाद से ही शी और उनके बीच ‘‘बहुत अच्छी दोस्ती’’ हो गई थी, जो पारस्परिक सम्मान और ‘दोनों देशों’ के महत्वपूर्ण हितों पर आधारित है।

अमेरिका के किसी भी बड़े टेलीविजन नेटवर्क ने ट्रंप और शी की मुलाकात या व्हाइट हाउस में हुए कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण नहीं किया।

अपने शुरुआती संबोधन में शी ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के निमंत्रण पर अमेरिका आए हैं ताकि ‘‘हमारी दोस्ती को आगे बढ़ाया जा सके, सहयोग का दायरा बढ़ाया जा सके और दोनों देशों के लोगों के कल्याण को बढ़ावा दिया जा सके।’’

शी ने व्हाइट हाउस के ग्रैंड फोयर में आयोजित समारोह में कहा, ‘‘हमें शांति से साथ रहना चाहिए। जैसा कि मैंने कई बार कहा है, चीन और अमेरिका जैसे दो बड़े देशों को सहयोग से लाभ होगा और टकराव से दोनों का नुकसान होगा।’’

उन्होंने कहा कि दोनों देशों को ‘‘थ्यूसिडाइड्स ट्रैप’’ से बचना चाहिए। यह एक ऐसा सिद्धांत है जिसके अनुसार, एक उभरती हुई ताकत और एक स्थापित ताकत के बीच युद्ध होने की संभावना होती है।

शी ने कहा, ‘‘हमें प्रतिस्पर्धा का जिक्र करने से बचने की जरूरत नहीं है, लेकिन हमारी प्रतिस्पर्धा स्वस्थ होनी चाहिए और एक दायरे में रहनी चाहिए। यह एक-दूसरे से आगे निकलने की दौड़ होनी चाहिए, न कि ऐसी कुश्ती जिसमें कोई एक जीतता है और दूसरा हारता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चीन और अमेरिका को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हमारे बीच कोई टकराव या संघर्ष न हो। हम निश्चित रूप से इस धरती पर दोनों महान देशों के मिलजुलकर रहने का सही रास्ता ढूंढ सकते हैं। हमारी सेनाओं को नियमित संवाद जारी रखना चाहिए और संकट के समय बातचीत व उसे रोकने के तरीकों को बेहतर बनाना चाहिए। ‘थ्यूसिडाइड्स ट्रैप’ से पार पाया जा सकता है।’’

शी ने अपने शुरुआती संबोधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों की यह जिम्मेदारी है कि वे यह सुनिश्चित करें कि एआई हमेशा मानव के नियंत्रण में रहे।

शी ने कहा, ‘‘हमारे पास एआई को अच्छे कामों के लिए विकसित और प्रबंधन करने की क्षमता और जिम्मेदारी दोनों है। साथ ही, हमें यह भी सुनिश्चित करना होगा कि एआई का विकास हमेशा मानव के नियंत्रण में रहे और उससे लोगों का कल्याण हो।’’

अमेरिका के किसी भी बड़े टीवी नेटवर्क ने ट्रंप और शी की मुलाकात या व्हाइट हाउस में हुए कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण नहीं किया। यह बहिष्कार ट्रंप के उस फैसले के बाद किया गया है, जिसमें उन्होंने ‘सीएनन’, ‘एमएस नॉऊ’ और ‘पोलिटिको’ को व्हाइट हाउस परिसर में आने से प्रतिबंधित कर दिया था।

एक संघीय न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन को आदेश दिया कि प्रतिबंधित किए गए मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को फिर से कवरेज की अनुमति दी जाए, लेकिन इस आदेश का पालन नहीं किया गया।

अन्य बड़े टीवी नेटवर्क ने भी प्रतिबंधित किए गए मीडिया संस्थानों के साथ एकजुटता दिखाते हुए व्हाइट हाउस की कवरेज न करने का फैसला किया है।

भाषा सुभाष पवनेश

पवनेश