ट्रंप ने 2022 की हवाई यात्रा के दौरान गोपनीय नक्शा दिखाया : डेमोक्रेट सांसद
ट्रंप ने 2022 की हवाई यात्रा के दौरान गोपनीय नक्शा दिखाया : डेमोक्रेट सांसद
वाशिंगटन, 25 मार्च (एपी) राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2022 में अपने न्यू जर्सी गोल्फ क्लब की उड़ान के दौरान एक गोपनीय नक्शा दिखाया और अपने पहले कार्यकाल का एक ऐसा संवदेनशील रिकॉर्ड अपने पास रखा जिस तक केवल छह लोगों को ही पहुंच प्राप्त थी। बुधवार को एक वरिष्ठ डेमोक्रेट सांसद द्वारा जारी पत्र में यह दावा किया गया है।
मैरीलैंड से सांसद एवं न्यायपालिका समिति के शीर्ष डेमोक्रेट जेमी रास्किन के पत्र से फ्लोरिडा के पाम बीच स्थित ट्रंप के ‘मार-ए-लागो’ एस्टेट में गोपनीय दस्तावेजों को रखे जाने की जांच के बारे में और जानकारी सामने आई है।
इसमें न्याय विभाग के जनवरी 2023 के जारी किए गए एक नए मेमो का हवाला दिया गया है, जिसमें अभियोजकों ने उन सबूतों का जिक्र किया है जो उन्होंने ट्रंप के खिलाफ आपराधिक अभियोग दायर करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए जुटाए थे।
रास्किन के पत्र के अनुसार, मेमो में जून 2022 में न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर स्थित ट्रंप के गोल्फ क्लब जाने की हवाई यात्रा का जिक्र है, जिसमें रिपब्लिकन नेता के पास कथित तौर पर गोपनीय दस्तावेज थे।
इसमें यह भी कहा गया है कि अभियोजकों ने ‘‘एक गोपनीय नक्शा पहचाना है, जिसके बारे में हमारा मानना है कि ट्रंप ने इसे विमान में सवार व्यक्तियों को दिखाया होगा।’’
एपी शफीक नरेश
नरेश

Facebook


