ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष को बर्खास्त करने की धमकी दी

ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष को बर्खास्त करने की धमकी दी

ट्रंप ने फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष को बर्खास्त करने की धमकी दी
Modified Date: April 15, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: April 15, 2026 8:17 pm IST

वाशिंगटन, 15 अप्रैल (एपी) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर धमकी दी है कि अगर फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष जेरोम पॉवेल अगले महीने अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी केंद्रीय बैंक के शासी बोर्ड में बने रहने का फैसला करते हैं, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाएगा।

‘फॉक्स बिजनेस’ के साथ साक्षात्कार के दौरान जब ट्रंप से पॉवेल की इस टिप्पणी के बारे में पूछा गया कि वह उनके खिलाफ लंबित जांच के मद्देनजर पद से नहीं हटेंगे, तो उन्होंने कहा, “तो फिर मुझे उन्हें बर्खास्त करना होगा।”

पॉवेल ने कहा था कि अगर उनके उत्तराधिकारी की नियुक्ति की पुष्टि नहीं होती है, तो वह अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर निर्धारण समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जांच जारी रहती है, तो भी वह अधिक समय तक पद पर बने रह सकते हैं।

ट्रंप कई महीनों से पॉवेल को फेडरल रिजर्व के अध्यक्ष पद से हटाना चाहते हैं। उनका कहना है कि पॉवेल ब्याज दरों में कटौती करने के मामले में बहुत सुस्त रहे हैं, जिससे अमेरिकी अर्थव्यवस्था को गति मिल सकती है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने फेडरल रिजर्व के पूर्व अधिकारी केविन वार्श को पॉवेल के उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया है।

हालांकि, वार्श की नियुक्ति में देरी हो रही है, क्योंकि न्याय विभाग पिछले साल जून में सीनेट बैंकिंग समिति के समक्ष फेडरल रिजर्व के भवन नवीनीकरण के बारे में पॉवेल की टिप्पणियों की जांच कर रहा है।

एपी पारुल सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में