वाशिंगटन, 19 सितंबर (एपी) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अगले हफ्ते अमेरिका की राजकीय यात्रा पर आयेंगे और इस दौरान ‘व्हाइट हाउस’ में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ महत्वपूर्ण वार्ता और कुछ अनौपचारिक बैठकें होंगी। पिछले एक दशक में यह पहला मौका है जब चीन के राष्ट्रपति अमेरिका के दौरे पर आने वाले हैं। अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को जब राष्ट्रपति शी का विमान वाशिंगटन के पास ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर उतरेगा तो ट्रंप उनकी इस राजकीय यात्रा के स्वागत के लिए वहां मौजूद रहेंगे। आमतौर पर ट्रंप विदेशी नेताओं से अमेरिकी राष्ट्रपति के आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में ही मिलते हैं।
राष्ट्रपति शी की यह अमेरिका यात्रा करीब एक दशक से भी अधिक समय बाद हो रही है। इस यात्रा का मुख्य कार्यक्रम बृहस्पतिवार को होगा, जब ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ‘व्हाइट हाउस’ के ‘स्टेट फ्लोर’ पर आयोजित एक स्वागत समारोह में शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करेंगे।
ट्रंप और शी रोज गार्डन में सैनिकों के निरीक्षण में भी शामिल होंगे जिसके बाद दोनों नेता बंद कमरे में वार्ता करेंगे।
ट्रंप और मेलानिया ट्रंप बृहस्पतिवार को ‘ईस्ट रूम’ में चीनी प्रतिनिधिमंडल के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे और इस दौरान शी एवं उनकी पत्नी सम्मानित अतिथि होंगे। ट्रंप ने इस रात्रिभोज को बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया। दोनों नेता इस दौरान संबोधन भी करेंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को ‘ओवल ऑफिस’ में पत्रकारों से कहा, ‘‘हजारों लोग उस रात्रिभोज में शामिल होना चाहेंगे।’’
उन्होंने इस बात पर निराशा जताई कि ‘व्हाइट हाउस’ में बनाए जा रहे 1,000 लोगों की क्षमता वाले नए ‘बॉलरूम’ का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है इसलिए वह इस आयोजन के लिए उपलब्ध नहीं होगा।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने अपने कई अच्छे दोस्तों से कहा है कि आप इसमें शामिल नहीं हो सकते।’’
‘व्हाइट हाउस’ ने राजकीय रात्रिभोज में शामिल होने वाले कुछ मेहमानों के नाम साझा किए हैं।
‘व्हाइट हाउस’ ने बताया कि राजकीय रात्रिभोज में शामिल होने वाले अधिकारियों में ‘अमेजन’ के संस्थापक जेफ बेजोस, ‘टेस्ला’ और ‘स्पेसएक्स’ के एलन मस्क, ‘गूगल’ के सुंदर पिचाई और ‘डेल टेक्नोलॉजीज’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइकल डेल शामिल हैं।
मेहमानों की सूची में ‘एनवीडिया’ के जेनसन हुआंग, ‘ओपनएआई’ के सैम ऑल्टमैन, ‘सिटीग्रुप’ की मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन फ्रेजर और हाल में ‘एप्पल’ के सीईओ पद से हटे टिम कुक के नाम भी शामिल हैं।
एपी सुरभि रंजन
रंजन