कॉमस्टॉक (अमेरिका), 18 सितंबर (एपी) ट्रंप प्रशासन ने बिग बेंड इलाके के पश्चिमी टेक्सास वाले हिस्से में सीमा पर दीवार बनाने का काम शुरू कर दिया है। यह अमेरिका-मेक्सिको सीमा के उस इलाके में पहला बड़ा निर्माण कार्य है, जहां प्रशासन की योजनाओं का जबरदस्त विरोध हुआ है।
निर्माण की शुरुआत ट्रंप प्रशासन की 46 अरब अमेरिकी डॉलर की उस योजना में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसके तहत सीमा पर दीवार, अवरोधक, सड़कें और प्रौद्योगिकी लगाई जानी है।
यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में उठाया गया है, जिसमें उन्होंने सीमा दीवार को पूरा करने की बात कही थी। यह ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग ने कहा है कि उसने अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर दीवार निर्माण की गति दोगुनी कर दी है।
सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक बयान में कहा कि पश्चिमी टेक्सास की हडस्पथ काउंटी के 47 मील लंबे हिस्से में, जिसे ‘बिग बेंड 1’ के नाम से जाना जाता है, ‘सीमा दीवार पैनल लगाने का काम जारी है’।
एपी
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल