टोरंटो में गोलीबारी में दो लोगों की मौत, पांच लोग घायल

टोरंटो में गोलीबारी में दो लोगों की मौत, पांच लोग घायल

टोरंटो में गोलीबारी में दो लोगों की मौत, पांच लोग घायल
Modified Date: July 12, 2026 / 10:01 am IST
Published Date: July 12, 2026 10:01 am IST

टोरंटो, 12 जुलाई (एपी) टोरंटो में एक उत्सव के आयोजन स्थल के पास शनिवार को हुई गोलीबारी की घटना में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

टोरंटो पुलिस की प्रवक्ता शैनन ईम्स ने बताया कि ‘सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट’ और ‘अर्लिंगटन एवेन्यू’ के पास गोलीबारी की घटना के बाद दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गोली लगने से घायल हो गए। वहां ‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव आयोजित किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने शुरुआत में लोगों से इस इलाके में नहीं जाने की अपील की थी लेकिन उसने बाद में कहा कि घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया गया है लेकिन संदिग्ध या संदिग्धों को अभी पकड़ा नहीं गया है।

एक प्रत्यक्षदर्शी वेलेरी रोड्रिगेज ने बताया कि वह शनिवार रात एक रेस्तरां के पास बैठी थीं तभी उन्होंने लोगों को चीखते और भागते देखा।

उन्होंने कहा, ‘‘कई लोगों ने हमसे जमीन पर लेट जाने को कहा। हम डर गए थे क्योंकि हमें ठीक से पता नहीं था कि क्या हो रहा है।’’

उत्सव में सामान बेचने वाली पैट्सी गुटिरेज ने बताया कि वह ग्राहकों को सामान दे रही थीं, तभी उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों को भागते देखा।

लातिन अमेरिकी संस्कृति पर आधारित यह वार्षिक उत्सव शहर के सेंट क्लेयर वेस्ट इलाके में आयोजित किया जाता है और इसमें हजारों लोग शामिल होते हैं। उत्सव में संगीत, नृत्य, खान-पान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

ओंटारियो के प्रीमियर डग फोर्ड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘‘साल्सा ऑन सेंट क्लेयर’ उत्सव में बेवजह हुई हिंसा की इस घटना से मैं बेहद दुखी हूं। इसमें दो लोगों की जान चली गई और अन्य लोग घायल हुए हैं। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं।’’

टोरंटो कनाडा का सबसे बड़ा शहर है और इसे उत्तर अमेरिका के सबसे सुरक्षित बड़े शहरों में गिना जाता है। सार्वजनिक स्थानों पर कई लोगों को निशाना बनाकर की जाने वाली गोलीबारी की घटनाएं यहां अपेक्षाकृत कम होती हैं।

एपी सिम्मी रंजन

रंजन

रंजन


लेखक के बारे में