वाशिंगटन, नौ अगस्त (एपी) अमेरिका के उताह राज्य में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर के दोनों पायलट की मौत हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सेवियर काउंटी के शेरिफ के अनुसार, शुक्रवार सुबह ‘सिकोरस्की स्काईक्रेन’ हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दोनों पायलट की मौत हो गई।
यह हेलीकॉप्टर ‘फिशलेक नेशनल फॉरेस्ट’ में लगी जंगल की आग पर काबू पाने के अभियान में शामिल था। दुर्घटना के बाद हेलीकॉप्टर में लगी आग ने जंगल में एक नयी आग को जन्म दे दिया जो फैलते-फैलते मुख्य वानाग्नि में जा कर मिल गई। इस आग में अब तक करीब 174 वर्ग मील (करीब 451 वर्ग किलोमीटर) क्षेत्र जल गया है।
अधिकारियों ने दोनों पायलट के नाम उजागर नहीं किए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पायलट ‘हेलीकॉप्टर ट्रांसपोर्ट सर्विसेज’ के लिए काम करते थे, जिसे अमेरिकी वन सेवा ने आग बुझाने के अभियान के लिए अनुबंधित किया था।
सेवियर काउंटी के शेरिफ तथा कोरोनर ने बताया कि शुरुआत में अधिकारियों ने कहा था कि आग के कारण वे दुर्घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। हालांकि, शनिवार को बचाव दल क्षेत्र में पहुंचने में सफल रहा और उसने दोनों पायलट की मौत की पुष्टि की।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड इस मामले की जांच करेगा। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड को एक साल या उससे अधिक समय लग सकता है।
अमेरिका के कई अन्य क्षेत्रों में भी जंगल में आग लगी हुई है। वाशिंगटन में आग के कारण ‘माउंट रेनियर नेशनल पार्क’ का एक हिस्सा बंद कर दिया गया है।
नेशनल पार्क सर्विस ने पार्क के ‘सनराइज’ और ‘व्हाइट रिवर’ क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बंद कर दी है। वहां लगी जंगल की नयी आग ने एक वर्ग मील के एक-तिहाई से भी कम क्षेत्र को प्रभावित किया है। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
वाशिंगटन के स्पोकेन के पास लगी बड़ी आग अब 15.63 वर्ग मील (40 वर्ग किलोमीटर से अधिक) क्षेत्र में फैल चुकी है। वहीं, ओरेगन में गर्म और शुष्क मौसम के कारण बेकाबू जंगल की आग 30 वर्ग मील (77.7 वर्ग किलोमीटर) से अधिक क्षेत्र में फैल गई है।
अमेरिका की सीमा से लगे कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में भी तेजी से फैल रही एक अन्य जंगल की आग के कारण 20,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
एपी शोभना सिम्मी
सिम्मी