पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर ट्रंप से मिलेंगे: रिपोर्ट
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर ट्रंप से मिलेंगे: रिपोर्ट
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 13 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के सत्र से इतर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। मीडिया में प्रकाशित एक रिपोर्ट में यह बसत कही गई।
अमेरिका के राष्ट्रपति और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप 23 सितंबर की शाम मैडिसन एवेन्यू स्थित लोटे न्यूयॉर्क पैलेस होटल में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने वाले राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे।
‘द न्यूज’ ने रविवार को उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से बताया कि शरीफ को इस रात्रिभोज का निमंत्रण मिला है, जिसमें कई देशों के नेता शामिल होंगे।
सूत्रों ने बताया कि यह आयोजन शरीफ को अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों से बातचीत करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
शरीफ की ट्रंप के साथ यह मुलाकात फरवरी में वाशिंगटन में हुई ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक के बाद दोनों नेताओं की आमने-सामने की बातचीत होगी।
दोनों नेताओं की मुलाकात सितंबर 2025 में व्हाइट हाउस और पिछले साल अक्टूबर में मिस्र के शर्म अल-शेख शांति सम्मेलन के दौरान भी हुई थी।
शरीफ, स्वागत रात्रिभोज से एक दिन पहले न्यूयॉर्क पहुंचेंगे और 25 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री अपने संबोधन में भारत की ओर से सिंधु जल संधि को स्थगित रखने का मुद्दा उठा सकते हैं।
वर्ष 1960 में हुई सिंधु जल संधि विश्व बैंक की मध्यस्थता में हुई थी।
यह संधि भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु नदी प्रणाली की छह नदियों के जल के बंटवारे और उपयोग को नियंत्रित करती है।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


