पुतिन के दौरे से पहले यूक्रेनी ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल में आग लगी

पुतिन के दौरे से पहले यूक्रेनी ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल में आग लगी

पुतिन के दौरे से पहले यूक्रेनी ड्रोन हमले में सेंट पीटर्सबर्ग के तेल टर्मिनल में आग लगी
Modified Date: June 3, 2026 / 03:00 pm IST
Published Date: June 3, 2026 3:00 pm IST

कीव, तीन जून (एपी) यूक्रेन के लंबी दूरी के ड्रोन हमलों में रूस के सेंट पीटर्सबर्ग स्थित एक तेल टर्मिनल में आग लग गई। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ड्रोन 1,000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करके लक्ष्य तक पहुंचे। हमले के बाद शहर के बंदरगाह क्षेत्र में काले धुएं के गुबार उठते देखे गए।

रूसी अधिकारियों ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में शहर के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। उन्होंने विस्तृत जानकारी नहीं दी। हमले के बाद सेंट पीटर्सबर्ग के हवाई अड्डे ने कुछ समय के लिए उड़ानें रोक दीं और मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रहीं।

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस सप्ताह सेंट पीटर्सबर्ग में होने वाले वार्षिक अंतरराष्ट्रीय आर्थिक मंच की बैठक में भाग लेने वाले हैं। यह आयोजन क्रेमलिन के लिए प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है, हालांकि रूस-यूक्रेन युद्ध के चलते कई पश्चिमी निवेशक और अधिकारी इससे दूर रहे हैं।

यूक्रेन का कहना है कि उसके हमले रूस के तेल उत्पादन को प्रभावित करने और हथियार निर्माण ढांचे को बाधित करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं। इससे पहले भी सेंट पीटर्सबर्ग और आसपास के बंदरगाह क्षेत्रों में तेल सुविधाओं को निशाना बनाया गया है।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि रातभर में यूक्रेन के 354 ड्रोन मार गिराए गए। वहीं यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि रूस ने भी 198 लंबी दूरी के ड्रोन हमले किए, जिनमें अधिकांश को नष्ट कर दिया गया।

इस बीच, रूस के नियंत्रण वाले यूक्रेन के दोनेत्स्क क्षेत्र में एक बस पर हमले में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि स्मोलेंस्क क्षेत्र में ड्रोन हमले में दो दमकलकर्मियों की भी मौत हुई।

एपी मनीषा गोला

गोला


लेखक के बारे में