पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया
पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में अज्ञात बंदूकधारियों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया
पेशावर, 19 फरवरी (भाषा) पश्चिमोत्तर पाकिस्तान में बृहस्पतिवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम तीन आतंकवादी मारे गए और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह हमला उस आतंकवादी समूह पर किया गया, जिसने इससे पहले दो सरकारी अधिकारियों की हत्या की थी। अज्ञात हमलावरों ने डीआई खान जिले के टिकावारा इलाके के पास आतंकवादियों को ललकारा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकवादी मारे गए, जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मारे गए आतंकवादी जिले के यारिक पुलिस थाने और कस्टम हाउस पर हमलों तथा एक पुलिसकर्मी और एक सीमा शुल्क अधिकारी की हत्या में शामिल थे।
घटना के बाद शेष आतंकवादी अपने हथियार छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और टिकावारा तथा आसपास के इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि हमलावरों की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और फरार आतंकवादियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
भाषा मनीषा अविनाश
अविनाश

Facebook


