अमेरिकी राजदूत सात साल बाद राजनयिक मिशन दोबारा खोलने के लिए वेनेजुएला पहुंचीं

अमेरिकी राजदूत सात साल बाद राजनयिक मिशन दोबारा खोलने के लिए वेनेजुएला पहुंचीं

अमेरिकी राजदूत सात साल बाद राजनयिक मिशन दोबारा खोलने के लिए वेनेजुएला पहुंचीं
Modified Date: February 1, 2026 / 08:48 am IST
Published Date: February 1, 2026 8:48 am IST

काराकस, एक फरवरी (एपी) अमेरिकी राजदूत लौरा डोगु शनिवार को वेनेजुएला की राजधानी काराकस पहुंचीं, जहां उन्होंने सात साल बाद अमेरिका के राजनयिक मिशन को दोबारा खोलने की प्रक्रिया शुरू की।

यह कदम उस सैन्य कार्रवाई के लगभग एक महीने बाद उठाया गया है, जिसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अंजाम दिया गया था और जिसके परिणामस्वरूप दक्षिण अमेरिकी देश के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया गया था।

डोगु ने वेनेजुएला स्थित अमेरिकी दूतावास के आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर साझा किए गए संदेश में कहा, ‘‘मेरी टीम और मैं काम शुरू करने के लिए तैयार हैं।’’ दूतावास ने माइक्वेटिया हवाई अड्डे पर उनके आगमन की तस्वीरें भी पोस्ट कीं।

वेनेजुएला और अमेरिका ने फरवरी 2019 में राजनयिक संबंध तोड़ लिए थे। यह फैसला मादुरो सरकार ने तब किया था, जब ट्रंप ने जनवरी 2019 में विपक्षी नेता और सांसद जुआन गुएदो को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में सार्वजनिक समर्थन दिया था। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के दूतावास बंद कर दिए थे।

वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल ने टेलीग्राम पर कहा कि डोगु का आगमन ‘‘मौजूदा मतभेदों को आपसी सम्मान और अंतरराष्ट्रीय कानून के आधार पर कूटनीतिक संवाद के जरिए सुलझाने’’ की संयुक्त समझ का हिस्सा है।

निकारागुआ और होंडुरास में राजदूत रह चुकीं डोगु की यह यात्रा ऐसे समय हुई है, जब एक दिन पहले ही कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राजनीतिक कैदियों की रिहाई के लिए एक विधेयक की घोषणा की थी, जो वेनेजुएला के विपक्ष की प्रमुख मांगों में से एक रही है।

एपी गोला सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में