रूस, यूक्रेन के बीच शांति की नई कोशिश के तहत अमेरिकी दूत विटकॉफ व कुशनर मास्को पहुंचे

Ads

रूस, यूक्रेन के बीच शांति की नई कोशिश के तहत अमेरिकी दूत विटकॉफ व कुशनर मास्को पहुंचे

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 05:47 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 05:47 PM IST

मास्को, पांच सितंबर (एपी) यूक्रेन पर रूस के व्यापक हमले को समाप्त करवाने के बारे में रुकी हुई कोशिशों को फिर से शुरू करने के लिए अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शनिवार को मास्को पहुंचे। रूसी सरकारी समाचार प्रतिष्ठानों ने यह जानकारी दी।

यह दौरा ऐसे समय में हुआ जब दोनों पक्षों ने हवाई हमले तेज कर दिए थे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन दूतों की यात्रा के दौरान हवाई हमले रोक देगा और उन्होंने मास्को से भी ऐसा ही करने का आग्रह किया। मास्को ने इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

वॉशिंगटन की अब पांचवें साल में चल रही लड़ाई खत्म करने की कोशिश धीमी पड़ गई है क्योंकि पिछले छह महीनों से अमेरिका का ध्यान ईरान के साथ जारी लड़ाई पर केंद्रित है।

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने बताया कि हवाई अड्डे पर रूसी दूत किरिल दिमित्रिएव ने इन दूतों से मुलाकात की।

विटकॉफ और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद कुशनर की मास्को की पिछली ज्ञात यात्रा जनवरी में हुई थी, जब वे क्रेमलिन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले थे। उन्होंने कभी कीव की यात्रा नहीं की है, लेकिन जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें रविवार को यूक्रेनी राजधानी में उनके आने की उम्मीद थी।

शांति की कोशिशें रुकी हुई हैं, ऐसे में रूस ने यूक्रेन के वायु रक्षा प्रणाली की कमी का फायदा उठाते हुए कीव और दूसरे शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं और लगातार बमबारी कर रहा है, जो अब दिन के समय भी हो रही है।

शुक्रवार को, रूस के एक ड्रोन ने कीव में सरकार की सबसे अहम इमारतों में से एक पर हमला किया – यह यूक्रेन की सुरक्षा सेवा (एसबीयू) का मुख्यालय था। एसबीयू उन एजेंसियों में से एक है जो रूस के अंदर घुसकर हमले करने का काम करती हैं।

रूस और यूक्रेन के बीच हवाई युद्ध तेज हो गया है, क्योंकि दोनों देशों की सेनाएं 1,250 किलोमीटर लंबी सीमा पर आगे बढ़ने के लिए संघर्ष कर रही हैं। रूस हाल में तेज़ी से उड़ने वाले, जेट-पावर्ड ड्रोन का इस्तेमाल कर रहा है और कीव में हवाई हमले के सायरन की बार-बार बजने वाली आवाज अब रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन गई है।

शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रात भर कीव और बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हमले किए, और इस हमले को अमेरिका की नियोजित यात्रा से जोड़ा।

उन्होंने कहा, “साफ है कि हवाई अड्डों पर रूस के ये हमले, अमेरिका के यूक्रेन जाने के लिए विमान का इस्तेमाल करने की संभावना पर हो रही बातचीत और तैयारियों का जवाब हैं।”

यूक्रेन के दक्षिणी निप्रॉपेट्रोव्स्क इलाके में एक औद्योगिकी केंद्र पर रूसी हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। स्थानीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेक्सांड्र हंझा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मारे गए लोग उसी जगह पर काम करने वाले कर्मचारी थे।

एपी प्रशांत माधव

माधव