ईरान के साथ वार्ता के लिए वेंस स्विट्जरलैंड रवाना

Ads

ईरान के साथ वार्ता के लिए वेंस स्विट्जरलैंड रवाना

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 09:15 AM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 09:15 AM IST

वाशिंगटन, 21 जून (एपी) ईरान के साथ रुकी हुई वार्ता को फिर से पटरी पर लाने और कूटनीतिक बातचीत को आगे बढ़ाने के प्रयासों के तहत अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस शनिवार को स्विट्जरलैंड रवाना हो गए।

वेंस के रविवार को ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची तथा ईरान के केंद्रीय बैंक और तेल क्षेत्र के अधिकारियों से मुलाकात करने की संभावना है। इसके अलावा वह वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान और कतर के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

ये तकनीकी स्तर की वार्ताएं इस सप्ताह की शुरुआत में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन द्वारा हस्ताक्षरित प्रारंभिक समझौते को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से हो रही हैं। इस समझौते का मकसद अमेरिका और ईरान के बीच लगभग चार महीने से जारी युद्ध को रोकना है। वार्ता में युद्ध रोकने और उससे जुड़े अन्य प्रावधानों के महत्वपूर्ण विवरणों को तय किया जाएगा।

वेंस को पहले शुक्रवार को स्विट्जरलैंड के छोटे से गांव ओबबर्गेन में पहाड़ पर स्थित एक रिसॉर्ट में ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहले दौर की वार्ता करनी थी, लेकिन लेबनान में इजराइल और ईरान समर्थित हिजबुल्ला के बीच संघर्ष तेज होने के कारण ईरानी अधिकारियों ने शुरुआत में इसमें शामिल होने की अपनी योजना रद्द कर दी थी।

अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि हालांकि, अमेरिका और कतर के वार्ताकारों ने ईरान के सहयोग से इजराइल और हिजबुल्ला के बीच एक ऐसा समझौता कराने में सफलता हासिल की, जिससे जारी सैन्य झड़पों और तनाव को कम किया जा सके।

इसके बाद शनिवार को ईरान की सरकारी मीडिया ने घोषणा की कि देश के शीर्ष अधिकारी वार्ता में भाग लेने के लिए स्विट्ज़रलैंड रवाना होंगे।

एपी शोभना सिम्मी

सिम्मी