वेटिकन सिटी, 14 सितंबर (एपी) पोप लियो 14वें ने सोमवार को अपना 71वां जन्मदिन मनाया, लेकिन उपहार वेटिकन के कर्मचारियों को मिला।
वेटिकन ने पोप का एक आदेश जारी किया, जिसमें 2021 में तत्कालीन पोप फ्रांसिस द्वारा वेटिकन के कई कर्मचारियों के वेतन में की गई कटौती को वापस ले लिया गया। यह कटौती कोविड-19 के दौरान होली सी (पोप का प्रशासनिक मुख्यालय) के खर्चों में बचत के उपायों के तहत की गई थी।
आदेश में पोप लियो ने कहा कि वेतन संबंधी ये कदम ‘‘अब वापस लिए जा सकते हैं। हमें विश्वास है कि होली सी और वेटिकन सिटी के संस्थाएं विभिन्न माध्यमों से आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने के अपने प्रयास जारी रखेंगी।’’
फ्रांसिस ने उस समय तर्क दिया था कि नौकरियां बचाने के लिए वेतन में कटौती जरूरी है, क्योंकि होली सी भी उस समय करीब सात करोड़ यूरो के संरचनात्मक घाटे और एक अरब यूरो (1.14 अरब अमेरिकी डॉलर) की पेंशन निधि की कमी का सामना कर रही थी।
कोविड-19 महामारी के कारण वेटिकन संग्रहालय कई महीनों तक बंद रहे, जिससे होली सी को उसके राजस्व के प्रमुख स्रोतों में से एक से वंचित होना पड़ा। निवेश और मुद्रा में उतार-चढ़ाव से भी वेटिकन के खजाने को नुकसान पहुंचा।
सोमवार को जारी एक अन्य आदेश में पोप लियो ने वेटिकन के गोपनीय अभिलेखागार और पुस्तकालय संग्रह के कुछ हिस्सों को वेटिकन सिटी से बाहर शहर में स्थित एक पोंटिफिकल यूनिवर्सिटी परिसर में स्थानांतरित करने की पोप फ्रांसिस की योजना को रद्द कर दिया।
लियो ने सोमवार को वेटिकन अपोस्टोलिक लाइब्रेरी का दौरा किया और कहा कि वहां के कर्मचारियों के साथ अपना जन्मदिन मनाना विशेष रूप से उपयुक्त है, क्योंकि उनकी मां पुस्तकालय कर्मचारी थीं।
एपी आशीष माधव
माधव