वेनेजुएला के मानवाधिकार कार्यकर्ता जेवियर ताराजोना जेल से रिहा

वेनेजुएला के मानवाधिकार कार्यकर्ता जेवियर ताराजोना जेल से रिहा

वेनेजुएला के मानवाधिकार कार्यकर्ता जेवियर ताराजोना जेल से रिहा
Modified Date: February 2, 2026 / 09:25 am IST
Published Date: February 2, 2026 9:25 am IST

काराकस, दो फरवरी (एपी) वेनेजुएला में विपक्षी नेता मारिया कोरीना मचाडो के सहयोगी एवं मानवाधिकार कार्यकर्ता जेवियर ताराजोना को सरकार द्वारा लाए गए माफी विधेयक के तहत जेल से रिहा कर दिया गया है। मानवाधिकार संगठनों और उनके परिवार के सदस्यों ने रविवार को यह जानकारी दी।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने शुक्रवार को माफी विधेयक की घोषणा की थी, जिसके जरिए सैकड़ों कैदियों की रिहाई का रास्ता खुला है।

जेवियर ताराजोना वेनेजुएला के गैर-लाभकारी मानवाधिकार संगठन ‘फंडारेडेस’ के निदेशक हैं। उन्हें जुलाई 2021 में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब उन्होंने अधिकारियों को बताया था कि राष्ट्रीय खुफिया एजेंसी के अधिकारियों ने उन्हें परेशान किया है। उसी समय संगठन के दो अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था।

वेनेजुएला में राजनीतिक कैदियों की स्थिति पर नज़र रखने वाले मानवाधिकार संगठन ‘फोरो पीनल’ ने रविवार को बताया कि स्थानीय समयानुसार दोपहर तक 317 लोगों को रिहा किया जा चुका है, जबकि करीब 700 अन्य लोग अब भी रिहाई का इंतजार कर रहे हैं।

ताराजोना की रिहाई ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका की राजदूत लौरा डोगु काराकास पहुंचीं। वह सात साल बाद अमेरिकी राजनयिक कार्यालय को फिर से खोलने जा रही हैं। यह कदम उस सैन्य कार्रवाई के लगभग एक महीने बाद उठाया गया है, जिसे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर अंजाम दिया गया था और जिसके परिणामस्वरूप दक्षिण अमेरिकी देश के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटा दिया गया था।

मचाडो ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पूरा वेनेजुएला आपकी (ताराजोना) बहादुरी और प्रतिबद्धता का सम्मान करता है। सभी राजनीतिक कैदियों को आजादी मिले।’’

एपी गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में