वाशिंगटन मेयर चुनाव: रिनी संपत को अमेरिकी हिंदू संगठन का समर्थन

Ads

वाशिंगटन मेयर चुनाव: रिनी संपत को अमेरिकी हिंदू संगठन का समर्थन

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 08:44 AM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 08:44 AM IST

वाशिंगटन, 28 अप्रैल (भाषा) वाशिंगटन के मेयर पद की दौड़ में शामिल साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ रिनी संपत को ‘अमेरिकन हिंदू कोएलिशन’ (एएचसी) ने अपना समर्थन देने का ऐलान किया है।

तमिलनाडु में पैदा हुईं संपत आम समस्याओं को दूर करने और ‘‘एक नए वाशिंगटन के निर्माण’’ के वादे के साथ 16 जून को होने वाले ‘‘डेमोक्रेटिक प्राइमरी’’ चुनाव के मैदान में हैं।

एएचसी ने वाशिंगटन के इस्कॉन मंदिर में संपत के समर्थन में एक बैठक की।

एएचसी मैरीलैंड के कार्यकारी निदेशक अंकुर मिश्रा ने कहा, ‘‘हम अब केवल दर्शक भर नहीं हैं, बल्कि संगठित और एकजुट होकर एक ताकत बन चुके हैं जो यह सुनिश्चित कर रही है कि हमारे मूल्य व हमारे परिवार स्थानीय शासन के सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व पाएं। रिनी की उम्मीदवारी एक ऐतिहासिक शुरुआत है, लेकिन हमारी एकजुटता ही इसे एक स्थायी आंदोलन में बदलेगी।’’

इस बैठक में सामुदायिक नेता श्रीनिवास तातिपामुला, लक्ष्मी तलंकी, महेंद्र सापा और चितरंजन नाथ भी मौजूद थे।

तमिलनाडु के थेनी में पैदा हुईं संपत सात साल की उम्र में अमेरिका आ गई थीं और पिछले एक दशक से अधिक समय से वाशिंगटन में रह रही हैं।

डेमोक्रेटिक नामांकन की दौड़ में जेनीस लुईस जॉर्ज और केन्यन मैकडफी भी प्रमुख दावेदार हैं।

वाशिंगटन पर डेमोक्रेटिक पार्टी का लंबे समय से वर्चस्व रहा है और 1975 में इस पद के लिए चुनाव शुरू होने के बाद से शहर में कभी भी कोई रिपब्लिकन मेयर नहीं रहा। इससे पहले शहर का प्रशासन अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त ‘बोर्ड ऑफ कमिश्नर्स’ के पास था।

वाशिंगटन का प्रशासन एक निर्वाचित मेयर और 13 सदस्यीय जिला परिषद द्वारा संचालित किया जाता है।

संपत ने कहा कि मेयर बनने पर उनकी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगा कि शहर के निवासियों से किए गए वादों को पूरा किया जाए।

भाषा खारी अविनाश

अविनाश