‘विडोज़ बे’ ने 14 पुरस्कार जीतकर एमी में बनाया रिकॉर्ड, ‘द पिट’ ने सर्वश्रेष्ठ ड्रामा का खिताब जीता

‘विडोज़ बे’ ने 14 पुरस्कार जीतकर एमी में बनाया रिकॉर्ड, ‘द पिट’ ने सर्वश्रेष्ठ ड्रामा का खिताब जीता

‘विडोज़ बे’ ने 14 पुरस्कार जीतकर एमी में बनाया रिकॉर्ड, ‘द पिट’ ने सर्वश्रेष्ठ ड्रामा का खिताब जीता
Modified Date: September 15, 2026 / 12:21 pm IST
Published Date: September 15, 2026 12:21 pm IST

लॉस एंजिलिस, 15 सितंबर (एपी) सोमवार रात आयोजित एमी पुरस्कार समारोह में ‘एप्पल टीवी’ के धारावाहिक ‘विडोज बे’ की धूम रही जिसने कॉमेडी श्रेणी में एक ही सत्र में सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतने का नया रिकॉर्ड बना दिया। धारावाहिक ने सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी सीरीज और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार समेत कुल 14 पुरस्कार अपने नाम किए।

धारावाहिक के मुख्य अभिनेता मैथ्यू रीस ने अकेले तीन पुरस्कार जीते।

‘द पिट’ ने लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया। इसके मुख्य अभिनेता नोआ वाइल भी लगातार दूसरी बार ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुने गए।

‘प्लुरिबस’ के लिए रिया सीहॉर्न ने ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। वहीं ‘हैक्स’ के पांचवें और अंतिम सीजन के लिए जीन स्मार्ट ने पांचवीं बार कॉमेडी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया।

स्मार्ट, एमी के इतिहास में ऐसी पहली अभिनेत्री बन गई हैं, जिन्होंने तीन से अधिक सीजन तक चलने वाली किसी सीरीज के हर सीजन में अभिनय के लिए पुरस्कार जीता है।

कॉमेडी की बाकी सभी प्रमुख श्रेणियों में ‘विडोज बे’ का दबदबा रहा। शो ने समारोह की रात लगभग हर बड़े पुरस्कार पर कब्जा जमाया और कॉमेडी सीरीज के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा एमी पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उसने पिछले साल ‘द स्टूडियो’ के बनाए 13 पुरस्कारों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि ‘द स्टूडियो’ भी ‘एप्पल टीवी’ का धारावाहिक था।

दो एमी पुरस्कार हाथ में लिए रीस ने समारोह के बाद कहा, ‘‘जश्न लंबे समय तक चलेगा, अलग-अलग अंदाज में होगा और उम्मीद है कि कभी-कभी काफी जोरदार भी होगा।’’

‘द पिट’ 25 नामांकनों के साथ इस साल ड्रामा श्रेणी में सबसे आगे थी, जबकि अंतिम सीजन के लिए ‘हैक्स’ को 24 नामांकन मिले थे और वह कॉमेडी श्रेणी में सबसे आगे थी। लेकिन जब पुरस्कार जीतने की बारी आई तो दोनों ही सीरीज खास असर नहीं छोड़ सकीं।

सोमवार रात ‘हैक्स’ के लिए जीन स्मार्ट की जीत ही एकमात्र पुरस्कार रही।

पुरस्कार लेते समय भावुक स्मार्ट ने दर्शकों की तालियों के बीच कहा, ‘‘यह सफर कितना शानदार रहा है।’’

75 वर्षीय स्मार्ट अब तक कुल आठ एमी पुरस्कार जीत चुकी हैं।

रिया सीहॉर्न ने ‘एप्पल टीवी’ की ‘प्लुरिबस’ में अहम भूमिका निभाने के लिए अपने करियर का पहला एमी पुरस्कार जीता।

सीहॉर्न को ‘ब्रेकिंग बैड’ के निर्माता विंस गिलिगन की सीरीज ‘बेटर कॉल शॉल’ में अपनी शानदार भूमिका के लिए दो बार नामांकित किया गया था, लेकिन तब वह पुरस्कार नहीं जीत पाई थीं। गिलिगन ने ही ‘प्लुरिबस’ में सीहॉर्न को मुख्य भूमिका में रखा। उन्होंने इस सीरीज के लेखन के लिए अपने करियर का पांचवां एमी पुरस्कार जीता।

एलिसन जेनी ने ‘द डिप्लोमैट’ के लिए ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और टॉम पेल्फ्रे ने ‘टास्क’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता। दोनों ने ‘द पिट’ के कई नामांकित कलाकारों को पीछे छोड़ा।

सीबीएस द्वारा प्रसारण से हटाए गए ‘द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट’ ने सर्वश्रेष्ठ विविधतापूर्ण कार्यक्रम का पुरस्कार जीता। इस साल यह शो छह एमी पुरस्कार जीत चुका है। सीबीएस ने इसके बंद होने की वजह आर्थिक कारण बताई थी। हालांकि, कई लोगों का मानना था कि ट्रंप प्रशासन की आलोचना करने के कारण शो को निशाना बनाया गया।

पुरस्कार समारोह के दौरान कोलबर्ट ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘‘अगर आपको आज रात की कॉमेडी पसंद आ रही है, तो इसका श्रेय मेरे पुराने लेखकों को जाता है।’’

एपी

खारी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में