शी ने चीन के तेजी से हो रहे औद्योगीकरण को विकासशील देशों के लिए अनुकरणीय बताया
शी ने चीन के तेजी से हो रहे औद्योगीकरण को विकासशील देशों के लिए अनुकरणीय बताया
बीजिंग, एक जुलाई (एपी) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपने देश के तेजी से हो रहे औद्योगीकरण को विकासशील देशों के लिए अनुकरणीय बताया और उनके इस भाषण से बीजिंग का बढ़ता आत्मविश्वास प्रदर्शित हुआ।
चिनफिंग 14 साल से सत्ता में हैं। उन्होंने कहा कि चीन ने कुछ ही दशकों में वह सब कुछ हासिल कर लिया, जिसके लिए अमीर देशों को सदियां लग गईं।
सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना की 105वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा, ‘‘हम मानवता के लिए एक साझा भविष्य वाला समुदाय तैयार करने का समर्थन करते हैं, और मानवता के समक्ष मौजूद बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए चीनी समझदारी, चीनी समाधान और चीनी ताकत का योगदान देते हैं।’’
विश्व में अमेरिका के प्रभुत्व को चुनौती देने वाले चीन ने कहा कि वह मौजूदा वैश्विक व्यवस्था को हटाकर उसकी जगह नहीं लेना चाहता, बल्कि उसमें बदलाव करना चाहता है ताकि विकासशील देशों के हितों का बेहतर ढंग से प्रतिनिधित्व हो सके।
पिछले साल चीन सरकार अमेरिका से सीधे भिड़ गई और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चीन से होने वाले आयात पर लगाये गए शुल्क (टैरिफ) में कटौती करने के लिए मजबूर कर दिया।
शी ने कहा कि दुनिया उथल-पुथल और बदलाव के एक नये दौर में प्रवेश कर गई है, जिससे मानवता अहम मोड़ पर खड़ी है। उन्होंने विश्व शांति और विकास को बढ़ावा देने के लिए नये तरह के अंतरराष्ट्रीय संबंधों के निर्माण को आगे बढ़ाने के अपने पुराने वादों को दोहराया।
बीजिंग के ‘ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल’ में उनकी टिप्पणियां, 2021 में पार्टी के 100वें स्थापना दिवस पर दिये गए उनके भाषण के कई मुख्य विषयों से मिलती-जुलती थीं। इनमें मजबूत सेना की अहमियत और ताइवान को चीन के नियंत्रण में लाने जैसी बातें शामिल थीं।
उन्होंने सेना को तेजी से विश्व-स्तरीय मानकों के अनुरूप बनाने की जरूरत पर जोर दिया, साथ ही सशस्त्र बलों पर कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व को बनाए रखने की बात भी कही। हाल के वर्षों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में कई वरिष्ठ जनरल को हटाया गया है, जिसे सेना में वफादारी सुनिश्चित करने के एक तरीके के तौर पर भी देखा जा रहा है।
एपी सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


