चिनफिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली रवाना

चिनफिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली रवाना

चिनफिंग ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली रवाना
Modified Date: September 12, 2026 / 08:21 am IST
Published Date: September 12, 2026 8:21 am IST

(के. जे. एम. वर्मा)

बीजिंग, 12 सितंबर (भाषा) चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार सुबह नयी दिल्ली रवाना हो गए।

शिखर सम्मेलन से इतर उनके और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच वार्ता का भी कार्यक्रम है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ ने बताया कि शी प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए शनिवार सुबह बीजिंग से नयी दिल्ली के लिए रवाना हुए।

खबर के अनुसार, उनके प्रतिनिधिमंडल में उनके करीबी सहयोगी काई ची भी शामिल हैं। काई चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के राजनीतिक ब्यूरो की शक्तिशाली स्थायी समिति के सदस्य और सीपीसी केंद्रीय समिति के जनरल ऑफिस के निदेशक हैं। चीन के विदेश मंत्री एवं सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य वांग यी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं।

राष्ट्रपति शी करीब सात साल बाद भारत की यात्रा कर रहे हैं।

इससे पहले, विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग से यहां संवाददाता सम्मेलन में पूछा गया था कि मोदी और शी के बीच प्रस्तावित बैठक को चीन किस नजरिए से देखता है, जिसके जवाब में उन्होंने कहा था कि कजान और तियानजिन में हुई मुलाकातों के बाद यह लगातार तीसरा वर्ष होगा जब दोनों नेताओं की मुलाकात होगी।

उन्होंने कहा था, ‘‘चीन दोनों नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन के अनुरूप भारत के साथ मिलकर काम करेगा। हम द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक और दीर्घकालिक दृष्टिकोण से देखेंगे, संवाद बढ़ाएंगे, सहयोग मजबूत करेंगे, मतभेदों को उचित तरीके से सुलझाएंगे और अच्छे पड़ोसियों की तरह मित्र तथा एक-दूसरे की सफलता में सहयोग करने वाले साझेदार बनेंगे।’’

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के बारे में माओ ने कहा था कि यह उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों के बीच एकजुटता एवं सहयोग का महत्वपूर्ण मंच है।

शी की इस यात्रा को भारत और चीन के बीच संबंधों को स्थिर करने के लिए जारी प्रयासों तथा अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों के बीच ब्रिक्स सहयोग के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

ब्रिक्स के मौजूदा अध्यक्ष के रूप में भारत शनिवार और रविवार को नयी दिल्ली में 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

शी इससे पहले 2019 में चेन्नई के निकट मामल्लपुरम में मोदी के साथ अनौपचारिक शिखर वार्ता के लिए भारत आए थे।

वह 2016 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने गोवा आए थे। राष्ट्रपति बनने के बाद उनकी पहली भारत यात्रा सितंबर 2014 में हुई थी, जब उन्होंने मोदी के साथ विस्तृत वार्ता की थी।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में