यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया

यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के आभा हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया
Modified Date: July 14, 2026 / 09:22 am IST
Published Date: July 14, 2026 9:22 am IST

काहिरा, 14 जुलाई (एपी) ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने सोमवार को सऊदी अरब के आभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने का दावा किया।

यह हमला यमन के सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हवाई हमलों के जवाब में किया गया, जिनके लिए हूतियों ने सऊदी अरब को जिम्मेदार ठहराया है।

हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने ‘टेलीग्राम’ पर जारी वीडियो संदेश में एयरलाइन को सऊदी हवाई क्षेत्र से उड़ान नहीं भरने की चेतावनी देते हुए कहा कि सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ‘नाकाबंदी’ हटने तक इस चेतावनी को गंभीरता से लिया जाए।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार ने कहा कि सना हवाई अड्डे की हवाई पट्टी पर हमला एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए किया गया था, जिसके बाद हूतियों ने इस हमले का जवाब देने का संकल्प जताया।

अपेक्षाकृत शांति के दौर के बाद हूतियों और सऊदी अरब के बीच तनाव बढ़ने की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है। हालांकि सऊदी अरब के अधिकारियों ने यमन में हवाई हमलों के बारे में टिप्पणी के अनुरोध का तुरंत कोई जवाब नहीं दिया।

हूतियों के अनुसार, विमान को हुदैदा हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।

सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मालिकी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि वायु रक्षा प्रणाली ने दक्षिणी क्षेत्र की ओर दागी गई हूती बैलिस्टिक मिसाइलों को निष्क्रिय कर दिया।

यमन के रक्षा मंत्री जनरल ताहिर अल-अकीली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार को सना हवाई अड्डे के रनवे पर हमला हूती प्रतिनिधिमंडल को अंतिम संस्कार से वापस ला रहे एक ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए किया गया।

हमलों से कुछ देर पहले जारी एक वीडियो संदेश में अल-अकीली ने ईरानी विमानों के यमन के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के खिलाफ चेतावनी दी।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में अधिकारियों ने व्यापक क्षेत्रीय तनाव की आशंका जताई।

संयुक्त राष्ट्र के राजनीतिक मामलों के सहायक महासचिव खालिद खियारी ने 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद से कहा, ‘‘यमन और व्यापक क्षेत्र तनाव बढ़ने का एक और दौर झेलने की स्थिति में नहीं हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी पक्षों से संयुक्त राष्ट्र की मध्यस्थता में शामिल होने का आह्वान करते हैं।’’

एपी राखी सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में