Guwahati Weather Update/ image source: IBC24
Guwahati Weather Update: गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी में रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण सोमवार को आई भीषण बाढ़ से एक महिला की मौत हो गई और सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया, सड़कें जलमग्न हो गईं, घरों में पानी घुस गया और पूरे शहर में यातायात ठप हो गया। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि खानापारा में 215.9 मिमी बारिश दर्ज की गई और अगले 24 घंटों में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
असम की राजधानी में रविवार रात और सोमवार तड़के भारी बारिश हुई, जिससे अधिकांश सड़कों पर पानी भर गया। चिड़ियाघर रोड, आरजी बरुआ रोड, जीएस रोड, नबीन नगर, अनिल नगर, हाटीगांव, गणेशगुरी, बरमोटोरिया, बोरागांव, सरुमोटोरिया, नरेंगी, सावकुची, सतगांव, सिजुबारी, जुरीपार, गीता नगर, मालीगांव, हिदायतपुर, गुवाहाटी क्लब, उलुबारी, (Guwahati Weather Update) लाचित नगर, चांदमारी, पंजाबारी, जोराबत, तरुण नगर, जटिया, ज्योतिकुची, घोरामारा, वीआईपी रोड, राजगढ़ रोड, रुक्मिणीगांव और छतरीबारी सहित कई इलाकों में बाढ़ की सूचना मिली। इंजन में पानी घुस जाने से कई वाहन खराब हो गए और फंस गए।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे मुख्यालय के पास मालीगांव चारियाली में एक महिला नाले में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। एएसडीएमए ने आगे बताया कि मृत महिला की पहचान पायल नाथ के रूप में हुई है, जिसका शव पुलिस ने अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं (एफएंडईएस) की मदद से बरामद किया। कामरूप महानगर जिला प्रशासन ने भारी बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के मद्देनजर सोमवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया।
एएसडीएमए ने बताया कि अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और एसडीआरएफ कर्मियों ने फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए मोटर चालित नौकाओं के साथ शहर भर में कई टीमें तैनात की हैं। इसमें आगे कहा गया है, ‘‘अब तक प्रभावित क्षेत्रों से लगभग 50 लोगों को निकाला जा चुका है। कामरूप महानगर डीडीएमए ने सूचित किया है कि जलस्तर घट रहा है और पानी निकालने के लिए विभिन्न स्थानों पर पंप का इस्तेमाल किया गया है।’’ (Guwahati Weather Update) कार्यदिवस होने के कारण लगभग सभी सड़कों पर भारी यातायात जाम की सूचना मिली, जलभराव के कारण वाहन फंसे रहे। एम्बुलेंस घंटों तक फंसी रहीं, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में बिजली कटौती भी हुई।
कामरूप महानगर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मनीराम दीवान ट्रेड सेंटर में जलभराव हो गया था, जहां मतदान के बाद इस्तेमाल की गई ईवीएम मशीनें रखी गयी हैं। अधिकारी ने एक बयान में कहा कि जलभराव के बावजूद मशीनें ‘‘पूरी तरह सुरक्षित और अप्रभावित’’ थीं। बयान के अनुसार, ‘‘भारी बारिश के कारण परिसर के कुछ हिस्सों में अस्थायी रूप से जलभराव हो गया था, लेकिन ‘स्ट्रांग रूम’ वाले मुख्य भवन में पानी नहीं घुसा।’’
आईएमडी ने अगले सात दिनों तक गुवाहाटी में लगातार खराब मौसम का पूर्वानुमान लगाया है, जिसमें गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसमें कहा गया है कि आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 डिग्री सेल्सियस और 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। एएसडीएमए ने मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमानों का हवाला देते हुए एक बयान में कहा कि राजधानी गुवाहाटी सहित असम के सभी हिस्सों में और अधिक तेज वर्षा होने की आशंका है। (Guwahati Weather Update) बयान के अनुसार, ‘‘गुवाहाटी शहर में लगातार भारी बारिश से जलभराव बढ़ सकता है, वाहनों की आवाजाही धीमी हो सकती है और संवेदनशील इलाकों में पेड़ गिरने और स्थानीय भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। नगर प्रशासन स्थिति पर कड़ी नजर रख रहा है और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणालियों को अलर्ट पर रखा गया है।’
एएसडीएमए ने गुवाहाटी के सभी लोगों से आवश्यक सावधानियां बरतने और सतर्क रहने का अनुरोध किया है। बयान के अनुसार, ‘‘रोजाना आने-जाने वाले और लंबी दूरी के यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी दिनचर्या की योजना तदनुसार बनाएं और तीव्र वर्षा के दौरान अनावश्यक आवागमन से बचें। निचले और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बाढ़ या भूस्खलन के किसी भी संकेत के प्रति सतर्क रहना चाहिए।’’ अगस्त 2024 में गौहाटी उच्च न्यायालय ने कहा था कि राज्य की राजधानी में लगातार आने वाली बाढ़ की समस्या से निपटने का समय आ गया है और सरकार को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कदम उठाने होंगे। (Guwahati Weather Update) न्यायालय ने संकट को कम करने के लिए एक योजना प्रस्तुत करने को कहा था। गौहाटी उच्च न्यायालय ने टिप्पणी की थी कि असम सरकार राज्य की राजधानी में लगातार जलभराव की समस्या को हल करने में ‘गंभीर नहीं’ है। इसके साथ ही अदालत ने बार-बार नोटिस का जवाब न देने पर सरकार को कड़ी फटकार लगाई और संबंधित चार विभागों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इन्हे भी पढ़ें:-