(Omoway Omo X Scooter/ Image Credit: OMOWAY)
Omoway Omo X Scooter: अब दोपहिया वाहन चलाना पहले जैसा मुश्किल नहीं रहेगा। जरा सोचिए कि अगर आपका स्कूटर खुद संतुलन बनाए रखे और रुकने पर भी गिरने का डर न हो। इसी सोच को हकीकत में बदलते हुए Omoway कंपनी ने OMO X नाम का इलेक्ट्रिक स्कूटर पेश किया है। यह स्कूटर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स तकनीक से लैस है और खुद को बैलेंस करने में सक्षम है। इसे भविष्य की स्मार्ट मोबिलिटी का बड़ा कदम माना जा रहा है।
OMO X की सबसे बड़ी खासियत इसका सेल्फ-बैलेंसिंग फीचर है। आम स्कूटर में राइडर को लगातार संतुलन बनाए रखना पड़ता है। लेकिन इसमें एडवांस सेंसर और जाइरोस्कोप टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। यह स्कूटर कम स्पीड पर चलने या पूरी तरह रुकने के बाद भी खुद को सीधा रख सकता है। शहरों में ट्रैफिक और बार-बार रुकने की स्थिति में यह फीचर राइडिंग को काफी आसान बना सकता है।
इस स्कूटर में OMO-ROBOT प्लेटफॉर्म दिया गया है जो सेंसर, कैमरा, सॉफ्टवेयर और मैकेनिकल कंट्रोल को एक साथ जोड़कर काम करता है। इसमें एयरोस्पेस ग्रेड जाइरोस्कोप और मशीन लर्निंग एल्गोरिदम का उपयोग किया गया है। यह सिस्टम लगातार स्कूटर को बैलेंस करता रहता है और हर स्थिति में स्थिरता बनाए रखने में मदद करता है। यही वजह है कि इसे स्मार्ट और ऑटोमेटेड वाहनों की दिशा में बड़ा इनोवेशन माना जा रहा है।
OMO X सिर्फ बैलेंसिंग तक सीमित नहीं है बल्कि इसमें कई सुरक्षा फीचर्स भी दिए गए हैं। इसमें स्लिप प्रिवेंशन सिस्टम, कॉर्नरिंग असिस्ट और ऑब्स्टेकल डिटेक्शन जैसे फीचर्स शामिल हैं। यह स्कूटर सड़क पर आने वाले खतरे को पहचानकर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकता है। जरूरत पड़ने पर यह अपनी स्पीड को खुद एडजस्ट कर लेता है। जिससे राइडर की सुरक्षा और बढ़ जाती है।
इस स्कूटर को स्मार्टफोन से भी कंट्रोल किया जा सकता है। यूजर मोबाइल ऐप के जरिए स्कूटर को नियंत्रित कर सकता है। इसमें ऑटोमैटिक पार्किंग फीचर भी दिया गया है। जिससे भीड़भाड़ वाली जगहों पर स्कूटर आसानी से पार्क किया जा सकता है। यह तकनीक भविष्य में पूरी तरह सेल्फ-ड्राइविंग टू-व्हीलर की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।
कंपनी के अनुसार OMO X का उत्पादन शुरू हो चुका है और इसे सबसे पहले इंडोनेशिया में लॉन्च किया जाएगा। अगर यह तकनीक सफल रहती है तो इसे अन्य देशों में भी लाया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे AI आधारित स्कूटर शहरी परिवहन को बदल सकते हैं। खासकर नए राइडर्स और ट्रैफिक से परेशान लोगों के लिए यह तकनीक काफी उपयोगी साबित हो सकती है।