अमेरिकी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर जून तिमाही में सुस्त पड़कर 1.5 प्रतिशत पर

Ads

अमेरिकी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर जून तिमाही में सुस्त पड़कर 1.5 प्रतिशत पर

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 07:37 PM IST

वाशिंगटन, 26 अगस्त (एपी) अमेरिकी अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर अप्रैल-जून तिमाही में धीमी पड़कर 1.5 प्रतिशत रह गई, लेकिन मजबूत उपभोक्ता खर्च और कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े निवेश ने आर्थिक गतिविधियों को सहारा दिया।

वाणिज्य विभाग ने बुधवार को कहा कि जून तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर जनवरी-मार्च तिमाही के 2.1 प्रतिशत से घटकर 1.5 प्रतिशत रह गई। जून तिमाही की वृद्धि दर विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुरूप ही रही है।

हालांकि, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में करीब 70 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाला उपभोक्ता व्यय जून तिमाही में सालाना आधार पर 3.4 प्रतिशत बढ़ गया। मार्च तिमाही में उपभोक्ता व्यय में सिर्फ 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की जीडीपी वृद्धि नरम पड़ने का सबसे बड़ा कारण आयात में तेज बढ़ोतरी रहा। अप्रैल-जून में आयात 12.5 प्रतिशत की वार्षिक दर से बढ़ा। कंप्यूटर चिप और एआई से जुड़े निवेश में इस्तेमाल होने वाले अन्य उत्पादों का आयात बढ़ने से दूसरी तिमाही की वृद्धि पर 1.64 प्रतिशत अंक का असर पड़ा।

इसके विपरीत, कारोबारी निवेश में वृद्धि दर्ज की गई जो एआई क्षेत्र में जारी तेजी को दर्शाती है।

अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने ईरान के साथ संघर्ष और इसके कारण ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के बावजूद अपेक्षाकृत मजबूती दिखाई है।

बुधवार की रिपोर्ट दूसरी तिमाही की जीडीपी वृद्धि पर आने वाली वाणिज्य विभाग की तीन रिपोर्ट में दूसरी है। इसकी अंतिम रिपोर्ट 30 सितंबर को जारी होगी।

एपी प्रेम

प्रेम अजय

अजय