बिहार में साइबर ठगी के आरोप में 22 लोग गिरफ्तार

Ads

बिहार में साइबर ठगी के आरोप में 22 लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 04:24 PM IST

पटना, चार फरवरी (भाषा) बिहार की राजधानी पटना में साइबर ठगी के एक मामले में 15 महिलाओं सहित कुल 22 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां पटना जिले के सगुना मोड़ और रुपसपुर इलाकों में स्थित तीन स्थानों लखन कुटीर, वेद नगर और सौभाग्य शर्मा पथ पर की गई छापेमारी के दौरान हुईं।

साइबर अपराध शाखा (पटना) की पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) संगीता ने संवाददाताओं को बताया कि आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) से सूचना मिली थी कि सगुना मोड़ और रुपसपुर क्षेत्रों में अवैध कॉल सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिनके जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में तीन अलग-अलग स्थानों से 15 महिलाओं और सात पुरुषों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि छापेमारी के दौरान 19 लैपटॉप, एक कंप्यूटर, 53 मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गिरोह का मुख्य निशाना साइबर कैफे संचालक होते थे। ये लोग डेटा डाउनलोड कर एक टीम के जरिए लोगों को कॉल करते थे और उन्हें कंपनी से कंपनी (बी-टू-बी) सेवाएं उपलब्ध कराने व आधार केंद्र खोलने का झांसा देकर ठगी करते थे।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार की गई महिलाओं को प्रति माह 8,000 से 10,000 रुपये का भुगतान किया जाता था और उन्हें लोगों को फोन कर झांसे में लेने का काम दिया जाता था।

उन्होंने बताया कि यह गिरोह पिछले 12 से 18 महीनों से सक्रिय था और इसके अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

भाषा कैलाश खारी

खारी