भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद सीट के उपचुनाव में 97.96 प्रतिशत मतदान

भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद सीट के उपचुनाव में 97.96 प्रतिशत मतदान

भोजपुर-सह-बक्सर विधान परिषद सीट के उपचुनाव में 97.96 प्रतिशत मतदान
Modified Date: May 13, 2026 / 12:02 am IST
Published Date: May 13, 2026 12:02 am IST

पटना, 12 मई (भाषा) बिहार विधान परिषद की भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र सीट पर हुए उपचुनाव में मंगलवार को 97.96 प्रतिशत मतदान हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह सीट जनता दल (यूनाइटेड) के राधा चरण साह के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। उन्होंने 2025 के विधानसभा चुनाव में संदेश विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद विधान परिषद सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया था।

निर्वाचन विभाग द्वारा जारी बयान के अनुसार, मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक 97.96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

बयान में कहा गया है कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रतिनियुक्त भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी राजीव रोशन मतदान प्रक्रिया के दौरान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।

बयान के मुताबिक, मतों की गिनती बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे आरा स्थित राजकीय कन्या प्लस टू उच्च विद्यालय में शुरू होगी।

अधिकारियों ने बताया कि पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और कहीं से भी हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई।

राज्य निर्वाचन कार्यालय द्वारा सोमवार को उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, इस उपचुनाव में कुल 6,086 मतदाताओं को उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करना था। मतदाताओं में 2,832 पुरुष और 3,254 महिला मतदाता शामिल हैं।

जद(यू) के कन्हैया प्रसाद, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सोनू कुमार राय और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर निरंजन कुमार राय, मनोज कुमार उपाध्याय और लालू प्रसाद यादव मैदान में हैं।

भाषा कैलाश खारी

खारी


लेखक के बारे में